गाजियाबाद (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप का त्यागी समाज के लोगों ने करीब दो घंटे तक घेराव किया। त्यागी समाज के लोगों ने स्वतंत्र देव सिंह एवं भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह लोग भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बयान से खफा थे। उनका कहना था कि स्वतंत्र देव ने त्यागी समाज एवं दो अन्य समाजों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। बाद में प्रदेश अध्यक्ष से उनकी वार्ता हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि स्वतंत्र देव सिंह ने जो बयान दिया है उसके लिए वह खेद जता चुके हैं। अब कोई मामला नहीं बनता है। काफी गहमागहमी के बाद त्यागी समाज के लोग वापस चले गए।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंत्री नरेंद्र कश्यप और संगठन के अन्य पदाधिकारी आज यहां मानसरोवर भवन में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए आए थे। यह प्रशिक्षण वर्ग पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष ओवर सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था। इसी दौरान त्यागी समाज का प्रतिनिधिमंडल भूपेंद्र चौधरी से मिला, लेकिन बाद में त्यागी समाज के नेता मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में समाज के अनेक कार्यकर्ता मानसरोवर गेट पर बैठ गए और जमकर हंगामा किया। इन लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब डेढ़-दो घंटे तक प्रदेश अध्यक्ष में नरेंद्र कश्यप को बाहर नहीं आने दिया। बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने इन लोगों की बातें सुनीं और कहा कि इस संबंध में जो भी हो सकेगा करेंगे, लेकिन स्वतंत्र देव अपने बयान पर खेद व्यक्त कर चुके हैं इसलिए अब कोई मामला नहीं बनता है।
फरमान अली/पवन
