Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगाजियाबाद में घर के बाहर कार के पहिए उड़ा ले गए चोर,...

गाजियाबाद में घर के बाहर कार के पहिए उड़ा ले गए चोर, एक पहिए कीमत है 23 हजार रुपये

गाजियाबाद । साहिबाबाद स्थित शालीमार गार्डन में घर के बाहर खड़ी एक कार के चारों पहिए चोर उड़ा ले गए हैं। यह वारदात सामने आने के बाद हर काई हैरान और डरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शालीमार गार्डन में रह रहे पारस डेयरी के ब्रांड मैनेजर आशीष विजय के फ्लैट के बाहर खड़ी नई वर्ना कार पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। देर रात को चोर उनके घर के बाहर कवर से ढकी खड़ी कार के चारों पहिए उड़ा ले गए। कार के एक पहिए की कीमत करीब 23 हजार रुपये है। ऐसे में चारों पहियों के निकलने के बाद कार मालिक को करीब 92 हजार रुपये की चपत लग गई है। शिव चौक के निकट शालीमार गार्डन रहने वाले कार मालिक आशीष विजय ने बताया कि सुबह पांच बजे जब वे और उनके पिता नरेश गुप्‍ता घर के बाहर निकले तो कार के चारों पहिए गायब मिले और कार टाइलों के सहारे खड़ी हुई थी। कुछ दिन पहले ही इन्‍होंने हुंडई की वर्ना कार खरीदी थी। सोमवार की शाम को इन्‍होंने कार को फ्लैट के सामने रोड पर पार्किंग एरिया में खड़ा कर दिया और कवर कर दिया। उन्‍होंने बताया कि जैसे ही इस घटना का लोगों को पता चला, कार को देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। यह अपने आप में पहली ऐसी घटना है।
विजय कहते हैं कि यह एक चलता हुआ रोड है और यहां रात में भी वाहन चलते हैं। सभी लोगों की गाडि़यां ऐसे ही खड़ी रहती हैं। किसी को भी ऐसी घटना का अंदाजा नहीं था। इस घटना के बाद से सभी कार मालिक सहमे हुए हैं। हालांकि इस मामले का पता चलने पर शालीमार गार्डन चौकी इंचार्ज पंकज शर्मा व पुलिस टीम भी वहां पहुंची और जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular