-वारदात के समय भैया दूज मनाने गया था परिवार
गाजियाबाद (हि.स.)। गाजियाबाद के चंद्रपुरी इलाके में शनिवार दोपहर को बदमाश एक कारोबारी के घर में घुस आए और घर में रखे करोड़ों रुपए की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू करदी है। जिस वक्त बदमाश घर में घुसे उस समय कारोबारी व उसके परिजन भैया दूज पर मनाने के लिए रिश्तेदारी में गए थे। दिनदहाड़े चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद लोगों में पुलिस के प्रति रोष है।
कुछ दिन पहले ही इसी के आसपास चोर मोबाइल की दो बड़ी दुकानों में करोड़ों रुपए के मोबाइल चोरी करके फरार हो गए थे। शहर के बड़े कारोबारी बाबूराम कबाड़ी परिवार से ताल्लुक रखने वाले बांस बल्ली कारोबारी मुकेश गर्ग चंद्रपुरी में एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज के सामने अपने मकान में रहते हैं। शनिवार को मुकेश गर्ग व उनके परिजन भैया दूज का पर्व मनाने के लिए अपनी रिश्तेदारी में गए थे। लेकिन जब यह लोग दोपहर को करीब 2:00 बजे वापस आए घर में सामान इधर-उधर पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए । अंदर जाकर देखा तो घर में रखें तमाम जेवरात और नगदी चुरा कर ले गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी । हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि घर में नगदी कितनी थी लेकिन जिस तरह की इस परिवार की हैसियत है निश्चित तौर पर यहां करोड़ों रुपए की नकदी भी हो सकती है । पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना सिहानी गेट पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है । पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) निपुण अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज आदि खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
