गाजियाबाद(हि.स.)। शहर के बीचो बीच स्थित नवयुग मार्केट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बुधवार के तड़के 3:45 बजे बदमाश मोबाइल फोन की दो दुकानों का शटर उखाड़कर करीब 70 लाख रुपए के मोबाइल फोन चुरा कर ले गए।
चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें पता चल रहा है कि बदमाश सफेद रंग की ब्रेजा कार में आए थे और चंद मिनटों में ही दोनों दुकानों के शटर तोड़कर मोबाइल फोन व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने एक अन्य मोबाइल की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन वह शटर नहीं तोड़ पाए। खास बात यह है कि यह दोनों दुकान है दुर्गा भाभी चौक पर स्थित है तथा नवयुग मार्केट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर है।
सुमित त्यागी दुर्गा भाभी चौक पर मोबाइल प्लानेट के नाम से दो दुकाने हैं। दुकानों में अच्छा खासा स्टॉक रखा हुआ था। सुमित त्यागी ने बताया कि सुबह उनके आवास पर किसी ने बताया कि उनकी दुकान के शटर उखड़े हुए हैं। जैसे ही वहां पहुंचे तो उनके होश उड़ गए । दुकान के शटर उखड़े हुए थे और अंदर से दोनों दुकानों में रखे करीब70 लाख रुपये की कीमत मोबाइल गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और जांच-पड़ताल। पुलिस मौके पर पहुंची तथा सीसीटीवी कैमरा को खंगाला। सीसीटीवी कैमरा में चोरी की घटना कैद हो गई। जिसमें साफ दिख रहा है कि सफेद रंग की ब्रेजा कार में पांच युवक आए जिन में एक युवक कार में बैठा रहा बाकी चार युवकों ने शटर उखाड़कर बारी-बारी से दोनों दुकानों के मोबाइल चुराए और फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रथम निपुण अग्रवाल का कहना है कि घटना की जानकारी की जा रही है और इसके खुलासे के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इस घटना का अनावरण कर दिया जाएगा। वही शहर के बीचो बीच हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में रोष है।
