– जनता को गुमराह कर रहे हैं विपक्षी:भूपेंद्र
गाजियाबाद(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी रविवार को जनपद पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनी। इस दौरान पूरे प्रदेश में संगठन पदाधिकारी से लेकर भाजपा नेता सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वयं एक बूथ पर रहकर देश के प्रधानमंत्री की जुबानी देशवासियों के मन की बात सुनी।
शालीमार गार्डन स्थित स्प्रिंगफील्ड पब्लिक स्कूल में 824 बूथ पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भारत माता , पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और नमन किया। देश के पीएम ने मन की बात की शुरुआत स्पर्धा में जाने की अहमियत से की।
उन्होंने इंसान के जीवन में स्पर्धा का शामिल होना अति आवश्यक बताया। आगे ई संजीवनी टेलीकंसल्टेशन के जरिए चिकित्सक और मरीज को आत्म सुकून के साथ-साथ आराम के सुखद एहसास की बात की। उन्होंने यूपीआई की ताकत बढ़ने और त्रिवेणी कुंभ के माध्यम से विरासत को बचाने के महत्व के बारे में भी चर्चा की। लोगों में स्वच्छ भारत अभियान के प्रति जागरूकता के प्रमाण के लिए हरियाणा के भिवानी में युवा टीम के कार्य की सराहना की।
इस मौके पर चौधरी ने कहा कि संगठन की दृष्टि से सामूहिक रूप से इकट्ठा होना यह बहुत अच्छा कार्य है। एकत्रीकरण के माध्यम से हमारा संगठन विश्व के सबसे बड़े संगठन के रूप में जाना जाता है। हमारी सरकारों ने अपने संकल्प पत्र में जो कहा है, उसे किया भी है। बाकी अन्य दल गठजोड़ कर सत्ता पर काबिज होने के लिए जनता को गुमराह कर अपनी राजनीतिक रोटी सेकते हैं मगर जनता जाग चुकी है।
मन की बात कार्यक्रम के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, प्रदेश मंत्री एवं प्रभारी महानगर अमित बाल्मीकि, भाजपा वरिष्ठ नेता पृथ्वी सिंह, कार्यक्रम मुख्य संयोजक महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, मंडल प्रभारी विरेन्द्र त्यागी,मन की बात संयोजक संजीव झा,मंडल अध्यक्ष राजन बाल्मीकि, बूथ अध्यक्ष राहुल शर्मा, लेखराज, अमित शर्मा, अंजू घनशाला, आदि उपस्थित रहे।
फरमान
