गाजियाबाद (हि. स.)। लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में गुरुवार को नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक टाइल्स ठेकेदार के घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। बदमाश घर में रखे 40 हजार नगद, लाखों के जेवरात और स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाले नईम टाइल्स की ठेकेदारी करते हैं। उन्होंने बताया कि चार लोग उनके घर में घुसे और लूटपाट शुरू कर दी। परिवार ने जब चोरों का मुकाबला करने की कोशिश की तो उन लोगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए असलहे तान दिए। परिवार के लोग दहशत में आ गए और बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए।
लोनी थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
