गाजियाबाद (हि.स.)। लोनी थाना क्षेत्र की अमन गार्डन कालोनी में शुक्रवार की देर रात में बदमाशों ने एक दिव्यांग युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। हत्या का कारण उधार दे गए रुपए ना लौटाना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि जल्दी ही हत्यारों का सुराग लगा लिया जाएगा। शनिवार की सुबह को थाना प्रभारी ने बताया कि अमन गार्डन कालोनी में मोहम्मद हनीफ रहते हैं उनका 35 वर्षीय विकलांग पुत्र दिलशाद भी उनके साथ रहता है। घटनाक्रम के मुताबिक दिलशाद अपने घर था तभी उसके पास दो तीन युवक आए और उससे उधार दिए रुपये मांगने लगे। इसी को लेकर इनमें बहस हो गई। जिसके बाद इन युवकों ने दिलशाद के सर में गोली मार दी। गोली लगते ही दिलशाद नीचे गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने गंभीर अवस्था में उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान शनिवार की तड़के उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। हत्यारे कौन थे अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पा पाई है। दिलशाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
