गाजियाबाद (हि.स.)। लोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने चिरोड़ी पुलिस चौकी के पास एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए। जिस शख्स की हत्या की गई है, तीन महीने पहले उसके भाई की भी हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. इराज राजा ने बताया कि सिरोली गांव निवासी सुरेंद्र (52) मोटर साइकिल से कहीं जा रहा था। जब वह जनता इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, तभी मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों ने उस पर ताबड़-तोड़ गोलियां चला दी। गोली लगते ही सुरेंद्र मोटर साइकिल से नीचे गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कम्प मच गया और आसपास के लोग जब तक पहुंचे कि बदमाश भाग निकले। सूचना पाकर लोनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि तहकीकात में यह पता चला है कि आज तीन माह पहले सुरेंद्र के भाई जैनेंद्र उर्फ जैनी की भी हत्या की गई थी। आज सुरेंद्र की भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल टीम को लगाया गया है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।
