चोरी की छह मोटरसाइकिल, एक तमंचा और चाकू बरामद
गाजियाबाद (हि.स.)। कविनगर थाने की पुलिस ने मंगलवार को कविनगर औद्योगिक क्षेत्र से चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। यह लोग चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर हैं और मकानों व दफ्तरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को यह लोग पल में उठाकर रफूचक्कर हो जाते हैं । पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल, एक तमंचा और तीन चाकू बरामद किया हैं। यह लोग गाजियाबाद मेरठ नोएडा या दिल्ली में लंबे समय से सक्रिय हैं। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद निश्चित तौर पर वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगेगा।
पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) निपुण अग्रवाल ने बताया कि कवि नगर पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चार युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए रोक कर पूछताछ की तो यह लोग शातिर वाहन चोर निकले। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने अपने नाम मुजम्मिल निवासी तुलसी निकेतन, खुशी निवासी ललियाना थाना किठौर जिला मेरठ,कुलदीप उर्फ कल्लू लक्ष्मण निवासी गार्डन लोनी तथा शहजाद निवासी सीकरी मोदीनगर बताया।
पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कई जगह छापे मारकर छह मोटरसाइकिलेंकल बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि मुजम्मिल पर विभिन्न थानों में 17, खुशी पर 7, कुलदीप पर 13 तथा शहजाद के खिलाफ 7 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि चारों को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल दिया गया।
