Tuesday, March 31, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयगाजा पट्टी पर इजराइल का हवाई हमला, इस्लामिक जिहाद के तीन कमांडर...

गाजा पट्टी पर इजराइल का हवाई हमला, इस्लामिक जिहाद के तीन कमांडर मार गिराए

-उग्रवादी संगठन पर हुई एयर स्ट्राइक में मारे गए 12 लोग

येरुशलम (हि.स.)। इजराइल ने गाजा पट्टी पर जोरदार हवाई हमला कर उग्रवादी संगठन इस्लामिक जिहाद के तीन कमांडरों को मार गिराया है। इजराइली डिफेंस फोर्सेज की इस एयर स्ट्राइक में 12 लोगों की मौत हुई है।

इजराइल की सेना ने उग्रवादी संगठन इस्लामिक जिहाद को लक्ष्य कर मंगलवार सुबह गाजा पट्टी पर जोरदार हवाई हमला किया। संगठन की ओर से जानकारी दी गयी है कि इजराइली डिफेंस फोर्सेज ने जिन लोगों को निशाना बनाया, उनमें अल-कुद्स ब्रिगेड की सैन्य परिषद के सचिव कमांडर जिहाद शकेर अल-गनम शामिल थे। इसके अलावा अल कुद्स ब्रिगेड के उत्तरी क्षेत्र के कमांडर खलिल सलाह अल-बहतिनी और वेस्ट बैंक में अल कुद्स ब्रिगेड की सैन्य विंग के प्रमुख तारिक मोहम्मद एजलदीन शामिल हैं।

दावा किया गया कि संगठन के कमांडरों के साथ उनके परिवार वाले भी मारे गए हैं। तीन कमांडरों सहित 12 लोगों की मौत हुई है। इस्लामिक जिहाद संगठन ने इजराइल के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का एलान करते हुए कहा कि इन हमलों से उसकी इच्छाशक्ति मजबूत हुई है।

इजराइल की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से कहा गया कि इस्लामिक जिहाद के जिन कमांडरों को मार गिराया गया है, वह इजराइली नागरिकों के खिलाफ आतंकी साजिश रच रहे थे। इजराइल ऐसे किसी भी शख्स को नहीं छोड़ेगा, जो इजराइल के खिलाफ आतंकवाद फैलाएगा। पूरी ताकत से इजराइल की रक्षा की जाएगी। इन हमलों को लेकर कहा कि यह इस्लामिक जिहाद संगठन की ओर से दिखाई जा रही आक्रामकता का जवाब था। इसी संगठन ने दो मई को दक्षिण इजराइल में 102 रॉकेट दागे थे।

बताया गया है कि बहतिनी इस्लामिक जिहाद का वरिष्ठ कमांडर था और इजराइल की तरफ रॉकेट दागने वाले गुट का नेतृत्व कर रहा था। वहीं, एजलदीन इजराइली के खिलाफ इस संगठन को वित्तीय मदद दिलवाने में अहम भूमिका निभा रहा था। घनेम भी इस संगठन की ब्रिगेड का नेतृत्व कर रहा था और इस्लामिक जिहाद से हमास को पैसे और हथियारों की सप्लाई में अहम भूमिका निभा रहा था।

संजीव/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular