मेरठ (हि.स.)। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर सोमवार को मेरठ में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकाली गई। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक है।
गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम से जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के मार्ग में आने वाले चौक और चौराहे पर महापुरुषों की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। जगह-जगह स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा प्रभात फेरी का उमंग और उत्साह उदघोष के साथ स्वागत किया गया। शहीद स्मारक पहुंच कर जिलाधिकारी ने देश के अमर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाडा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हम सभी देशवासियों के लिए महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री का जीवन प्रेरणादायक है। दोनों के जीवन मूल्य एवं उनके द्वारा दी गयी शिक्षाओं को हम सभी को आत्मसात करना चाहिए तथा उनके द्वारा बताये गये मार्ग पर चलकर राष्ट्र उन्नति के लिए सदैव अग्रसर रहना चाहिए।
उन्होंने जिस भारत का सपना देखा उसे साकार करने के लिए हम सभी को हर समय प्रयासरत रहते हुए अपनी जिम्मेदारी को निभाते रहना है। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गामिनी सिंगला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारसनाथ, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी कार्यालय पर मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती
जिलाधिकारी कार्यालय पर भी शास्त्री और गांधी जयंती बड़े हर्षाेल्लास, उत्साह के साथ मनाई गई। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने ध्वजारोहरण किया और महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्य कान्त त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट पारसनाथ आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप/मोहित
