जिलाधिकारी ने नामांकन स्थल का किया निरीक्षण,इधर-उधर घूम रहे लोगों को खदेड़ा
वाराणसी (हि.स.) । प्रदेश विधानसभा चुनाव में सातवें चरण के मतदान के लिए चल रहे नामांकन प्रक्रिया में बुधवार को गहमागहमी भरे माहौल में कांग्रेस,सपा,बसपा के प्रत्याशियों सहित निर्दलियों ने भी पर्चा दाखिल किया।
कांग्रेस के कैंट विधानसभा प्रत्याशी वाराणसी के पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र ने लंका स्थित बीएचयू के सिंहद्वार से समर्थकों संग नामांकन जुलूस निकाल पर्चा दाखिल किया। समाजवादी पार्टी के सेवापुरी प्रत्याशी पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटेल,शहर उत्तरी के बसपा प्रत्याशी श्याम प्रकाश ने समर्थकों और प्रस्तावकों संग नामांकन किया। भाजपा के अजगरा सुरक्षित सीट से प्रत्याशी टी.राम ने केन्द्रीय मंत्री डॉ महेन्द्रनाथ पांडेय के साथ पूरे ठसक से नामांकन किया। इसी क्रम में पिंडरा से बसपा के बाबूलाल पटेल,कैंट से जनाधिकार पार्टी कैंट के संतोष मौर्य आदि उम्मीदवारों ने भी नामांकन किया।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था भी तगड़ी रही। सेवापुरी विधानसभा के सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल के नामांकन के लिए साथ आये कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में जाने के लिए दबाव बनाने लगे तो पहले पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाया। न मानने पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने फोर्स के साथ मिलकर कड़ाई से हटा दिया। पहले जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन के दौरान किसी ने भी रुकावट पैदा करने की कोशिश की तो तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने चल रही नामांकन प्रक्रिया की कार्यवाही का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया। आर.ओ. व ए.आर.ओ से नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। परिसर में निरीक्षण करते हुए वहां अनावश्यक रूप से इधर-उधर बैठे लोगों तथा जिनकी आज तारीखें कोर्ट में नहीं थीं सभी को परिसर के बाहर कराया।
श्रीधर
