चौक पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की नई लकीर खींच दी
वाराणसी (हि.स.)। बिहार सिवान जिले के निवासी हरेंद्र सिंह और उनके परिवार के लिए शनिवार का दिन वाराणसी पुलिस ने यादगार और खुशियों भरा बना दिया। वाराणसी चौक पुलिस ने परिवार का आभूषण और रूपयों से भरे सूटकेस को लौटाकर ईमानदारी के साथ कर्तव्यनिष्ठा की नई लकीर खींच दी। परिवार अपना रूपयों से भरा बैग पाने के बाद चौक पुलिस को जमकर सराहा।
पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने बताया कि सिवान निवासी हरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ शुक्रवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन करने आए थे। वापसी में उन्हें राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से नई दिल्ली जाना था। जल्दबाजी में उनकी एक अटैची काशीपुरा क्षेत्र में छूट गई। लावारिस अटैची देख कर स्थानीय लोगों ने इंस्पेक्टर चौक शिवाकांत मिश्र को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ काशीपुरा पहुंचे। अटैची की जांच करा कर उसे वह चौक थाने ले आए। थाने में सूटकेस को खोल कर देखा गया तो उसमें 70 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का सिक्का, चांदी का एक सिक्का 50 ग्राम का, 10-10 ग्राम के चांदी के दो सिक्के, चांदी के दो अन्य सिक्के, एक सोने का मंगलसूत्र, चार जोड़ी पायल, नाक की कील और पांच साड़ियां मिलीं। साथ ही में सूटकेस में मौजूद पर्ची से एक मोबाइल नंबर मिला।
चौक प्रभारी ने उस नंबर पर कॉल कर सूटकेस के मालिक हरेंद्र सिंह से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। थाने में शनिवार को आने पर पूछताछ में पुष्टि होने के बाद उन्हें सूटकेस सौंप दिया गया। सूटकेस में रखे सामानों की कीमत लगभग दो लाख रुपये थी। अपना सामान सही सलामत पाने के बाद हरेंद्र सिंह व उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने चौक पुलिस के साथ-साथ पूरे कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रसन्नता व्यक्त की।
श्रीधर
