Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगल्ला व्यवसायी की हत्या से कस्बे में फैली सनसनी

गल्ला व्यवसायी की हत्या से कस्बे में फैली सनसनी

आगरा (हि.स.)। आगरा के पिनाहट कस्बे में गल्ला व्यवसायी और उनकी पत्नी की हत्या से सनसनी फ़ैल गयी है। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस फाॅर्स ने मामले की छानबीन करना शुरू कर दिया है। आस- पास के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मामले की जांच- पड़ताल करने की कोशिश की जा रही है। कस्बे में हुए इस दोहरे हत्या कांड के बाद व्यवसाइयों ने जल्द ही हत्या के खुलासे की मांग को लेकर बाजार बंद कर दिया है।

मामला आगरा जनपद के पिनाहट कस्बे का है। यहां रहने वाले गल्ला व्यवसायी 70 वर्षीय सुरेश चंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी 65 वर्षीय कृष्णा की बेरहमी से हत्या कर दी गयी है। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सुरेश चंद्र गुप्ता पिनाहट में गल्ले की आढ़त और तेल मिल चलाते थे । शनिवार को वे अपने पुत्र से मिलने आगरा गए हुए थे। आगरा से आने के पश्चात उन्होंने अपनी तेल की मिल को खोला था। जिसके पश्चात वे शाम को मिल बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार दोपहर तक जब वह घर से बाहर नहीं आये तो लोगों ने उनके घर पर झांक कर देखा। घर का दरवाजा खुला होने पर जब लोगों ने अंदर जाकर जांच पड़ताल की तो सुरेश चंद्र और उनकी पत्नी के शव को खून से लहूलुहान पाया। सुरेश चंद्र का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था और उनकी पत्नी का शव फर्श पर था।

लोगों द्वारा मिली सूचना पर एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा छानबीन कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घर में सामन बिखरा पड़ा होने के कारण लूटपाट की पश्चात ह्त्या की आशंका जताई जा रही है। फ़िलहाल पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी के फुटेज के माध्यम से आगे की छानबीन कर रही है। वहीं दूसरी और कस्बे में हुए इस दोहरे ह्त्या काण्ड के जल्द खुलासे को लेकर व्यापारियों ने बाजार को बंद कर दिया है।

श्रीकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular