गाजियाबाद (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को गल्फ देशों से अपने पेट में छिपाकर सोना लाने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद किया है। पुलिस ने मामले की सूचना कस्टम विभाग को दे दी है।
एडीसीपी क्राइम ब्रांच सच्चिदानंद ने सोमवार को बताया कि दोनाें तस्करों को पुराने बस अड्डे के पास गिरफ्तार किया है। आरोपी नदीम और उसका साथी फुजैल टाण्डा जिला रामपुर के रहने वाले हैं। नदीम पूर्व में भी कई बार गल्फ देशों से सोना तस्करी करके ला चुका है।
सोने की तस्करी करने के लिए दोनों ने अपना एक वर्ष का टूरिस्ट वीजा बनवा रखा है। ये लोग सोने को गोलियों के आकार में लेते हैं और उन गोल्ड की गोलियों को प्लास्टिक के टेप से कवर कर देते है। फ्लाइट में बैठने से पहले उन गोलियों को पानी से निगल लेते है जो इनके पेट में चली जाती हैं। जब ये लोग भारत में एयरपोर्ट पर उतरते है तो सोने की गोलियां पेट में होने के कारण पकड़ी नहीं जाती। उसके चार-पांच दिन बाद ये गोलियां शौच नित्य क्रिया में निकल जाती है। इस काम में इनको एक तोले (10 ग्राम) सोने पर करीब 20 हजार रुपये का फायदा होता है।
उसने यह भी बताया कि उनके पेट में 200-200 ग्राम सोने की गोलियां है, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये है। पकडे़ गये दोनों व्यक्तियों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जिससे उनके द्वारा निगली गयी सोने की गोलियों को चिकित्सकों की देख रेख में निकाला जा सके। अन्तर-राष्ट्रीय सोने तस्करी के संबंध मे कस्टम विभाग को अवगत कराया गया है। कस्टम विभाग द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी ।
फरमान/दीपक/राजेश
