मुजफ्फरनगर (हि.स.)। उप्र में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार की मुहिम रंग ला रही है और पुलिस का खौफ अपराधियों में नजर आ रहा है। गुरुवार को दोनों हिस्ट्रीशीटर भाई अपना नाम लिखी तख्ती गले में लटकाए शाहपुर थाने पहुंचे। उन्होंने अपराध से तौबा की।
मुजफ्फरनगर जनपद में शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकलां गांव निवासी दो हिस्ट्रीशीटर भाई नसीम और नईम लगातार अपराधों को अंजाम देते आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों भाईयों की हिस्ट्रीशीट खोली हुई है। गुरुवार को थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव के सामने कान पकड़ कर भविष्य में अपराध न करने की तौबा की। शाहपुर के गांव बसीकलां निवासी हिस्ट्रीशीटर भाई नसीम व नईम गले में अपने नामो की तख्ती डालकर थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव के सामने पहुंचकर हाथ जोड़ और कान पकड़कर अपराध से तौबा कर ली। इसके बाद कभी भी भविष्य में अपराध नहीं करने की कसम खाई। एसओ ने दोनों हिस्ट्रीशीटर भाईयों से प्रत्येक 15 दिन में थाने में हाजिरी लगाने को कहा।
मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत आदि जिलों में अनेक अपराधी थाने में आत्मसमर्पण करके अपराध से तौबा कर चुके हैं। पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से घबरा कर अपराधी थाने में फिर से अपराध नहीं करने की कसमें खा चुके हैं।
कुलदीप
