– गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर व अशिक्षित बच्चों को शिक्षित करने में जुटा अमर क्रांति फाउंडेशन
फतेहपुर(हि.स.)। जिले में रविवार को गरीब, बेसहारा व अभावग्रस्त महिलाओं के आत्मनिर्भर, स्वावलम्बन व रोजगार के लिए अमर क्रांति फाउंडेशन द्वारा ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कैम्प का आयोजन किया गया।
शहर के भरहरा के कंजड़डेरा में अशिक्षा व गरीबी में रहने वाली महिलाओं की जीवन पूरी तरह से समाज की मुख्यधारा से विलग रहता है। सरकार का लाभकारी योजनाओं से इस बस्ती की महिलाएं वंचित रहती हैं। उसका मुख्य कारण यहां की महिलाएं शिक्षा से दूर खानाबदोश जीवन जीने को मजबूर हैं। भिक्षावृत्ति ही इनका मुख्य पेशा है। अमर क्रांति फाउंडेशन की संचालिका ने अशिक्षित एवं अभावग्रस्त क्षेत्रों में काम करते हुए यहां के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की मुहिम छेड़ रखी है वहीं अब महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ने के लिए ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत आज युवतियों के कौशल विकास के लिए एक दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया। जिसमें करीब दो दर्जन महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया।
ग्लोरिया ब्यूटी पार्लर की राधा गुप्ता ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि युवतियों में गरीबी से निकलने के लिए जहां कुछ सीखने की बहुत ललक दिखी। वहीं इन युवतियों को डेरे से निकल पाने की अनुमति घरवालों द्वारा नहीं मिलती इसलिए यह एक दिवसीय व्यवसायिक प्रशिक्षण इनके लिए बहुत लाभदायक रहा। कार्यक्रम में फाउंडेशन की संचालिका सौम्या सिंह पटेल ने बताया कि उनका उद्देश्य यह था कि अशिक्षित व पराश्रित गरीब युवतियां व्यवसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर के अपना व्यवसाय कर सकें। जीवन यापन कर आत्मनिर्भर बन सकें। ऐसे प्रशिक्षण कैम्प हर माह आयोजित किये जाएंगे। इस अवसर पर कोमल, सनम, सुमन, प्रियांशी, लता, रूपवती, नीलम, राबिया, श्री देवी आदि ने प्रशिक्षण लिया।
देवेन्द्र
