-बसपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन को जारी रखने की मांग की
लखनऊ (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त राशन को आगे भी जारी रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीबी व बेरोजगारी से वैसे ही जनता त्रस्त है, ऐसे में निवाला छीनना अनुचित व अन्यायपूर्ण होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार की सुबह ट्वीट कर कहा कि देश की विशाल आबादी जबर्दस्त महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी आदि की समस्या से आज भी लगभग वैसी ही दुःखी व त्रस्त है जैसे कोरोनाकाल में झेलने को मजबूर थी। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत् मिलने वाला मुफ्त राशन बंद करके इनके मुंह का निवाला छीनना अनुचित व अन्यायपूर्ण होगा।
मायावती ने आगे लिखा कि यही मुख्य कारण है कि विभिन्न राज्यों की सरकारें इस अन्न योजना को सितम्बर महीने के बाद आगे और भी समय तक जारी रखने का दबाव केन्द्र सरकार पर बना रही हैं। वैसे भी केन्द्र की सरकार को, व्यापक जनहित के मद्देनजर, इस पर समुचित व सहानुभूतिपूर्वक ध्यान जरूर देना चाहिए। बसपा इस योजना को आगे भी जारी रखने की मांग करती है।
उपेन्द्र/दीपक
