लखनऊ (हि.स.)। उप्र शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा कि हमारे गम के माहौल में हमारी बेबसी का फायदा उठाकर मौलाना दंगा कराने की कोशिश कर रहे हैं।
वसीम रिजवी ने अपील करते हुए कहा कि हर शिया को चाहिये कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए मोहर्रम मनायें। इमाम के शहादत के दिन में मौलाना की बातों को सुनकर किसी तनाव को ना लें। डीजीपी ने मोहर्रम पर जारी गाइडलाइन में जो पंक्तियां कही है, वो अपने पुलिस विभाग के अधिकारियों के लिए कही हैं।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम को लेकर डीजीपी की गाइडलाइन जारी हुई तो इस गोपनीय पत्र को मौलाना समाज में बता रहे हैं। गोपनीय पत्रों को समाज में बताना भी गलत है। दो तरफा चालें हुकुमत को कौम से लड़वाना, कौम को हुकुमत से लड़वाना ये अच्छी बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के अपने मकसद है, जो पूरे ना होने पर इस तरह के कागजात लेकर लोग हुकुमत को ब्लैकमेल करते हैं। शिया को सोचना चाहिए कि ये मौलाना किस तरह की साजिश कर रहे हैं।
