इटावा (हि.स.)। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीएसएनएल एक्सचेंज में 165 फीट ऊंचे टावर पर डाक विभाग में ब्रांच पोस्ट मैनेजर के पद पर तैनात निलंबित कर्मी शनिवार को चढ़ गया। कर्मी द्वारा टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया जाने लगा। इस सूचना पर डाक विभाग के अधिकारी, एसडीएम सदर, सीओ सिटी और कई थानों का पुलिस बल मौके पहुंच गया और निलंबित कर्मी को समझा-बुझाकर टावर से नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे।
जनपद के प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर सतीश सक्सेना ने बताया कि थाना बलरई क्षेत्र के अंर्तगत कोकवली गांव में स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात सत्येंद्र धाकरे दस लाख रुपये के गबन के आरोप में निलंबित चल रहा है। मामले में विभागीय जांच चल रही है। अपनी बहाली कराने के लिए कर्मी सत्येंद्र बेवजह टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे रहा है।
मित्र अजीत सिंह ने बताया कि आज टावर पर चढ़े उनके दोस्त सत्येंद्र धाकरे का फोन आया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके लिए वह टावर पर आकर चढ़ गया। जानकारी मिलने के बाद वह भी मौके पर आ गए और समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वह टावर से नीचे नहीं उतर रहा है।
रोहित
