Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगन्ना, धान की खरीद व पेट्रोल पम्प पर न आये घटतौली की...

गन्ना, धान की खरीद व पेट्रोल पम्प पर न आये घटतौली की शिकायत : आशीष पटेल

लखनऊ(हि.स.)। उपभोक्ता संरक्षण एवं बांट- माप विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से भी दी जाए, जिससे कि वे इसका लाभ ले सकें। गन्ना, धान की खरीद व पेट्रोल पम्प पर किसी भी हालत में घटतौली की शिकायत न आये। ये बातें प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बांट-माप मंत्री आशीष पटेल ने कही। वे विधानसभा के मुख्य भवन स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक कर रहे थे।

मंत्री ने सख्त लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी व कर्मचारी अपने कामकाज में सुधार लाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर अभियान चलाकर तौल केन्द्रों का सघन निरीक्षण करें तथा गन्ना खरीद में घटतौली करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कराना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि घटतौली की शिकायतें आने पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कार्यवाही की जाएगी। मंत्री ने बांट-माप विभाग में भवन निर्माण से संबंधित सभी आवश्यकताओं का एक विवरण बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

बैठक में प्रमुख सचिव बीना कुमारी मीना, नियंत्रक विधिक माप विज्ञान मार्कंडेय शाही, विशेष सचिव अतुल सिंह, संयुक्त सचिव अशोक कुमार मिश्र अनुसचिव अरविन्द सिंह सहित उपनियंत्रकगण एवं सहायक नियंत्रक उपस्थित रहे।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular