गणतंत्र दिवस पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की महाघोषणा
लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को गणतंत्र दिवस पर महाघोषणा करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को ‘सपा का काम जनता के नाम’ की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाघोषणा करते हुए कहा कि आज हमारे देश के गणतंत्र, लोकतंत्र, आजादी सब खतरे में है। इसके लिए हम गणतंत्र दिवस पर सपा की नयी चुनौतियों का सामना करने के लिए नये संकल्प लेकर एक नयी घोषणा करने जा रहे हैं, ‘नयी हवा है नयी सपा है, बड़़ों का हाथ युवा का साथ।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा देश इसलिए महान देश रहा है, क्योंकि हमारे देश ने दुनिया को सदैव प्रेम एवं शांति का संदेश दिया है। आज यही संदेश हमें देश, प्रदेश में देने की आवश्कता आन पड़ी है। आइए, घृणा व अविश्वास के स्थान पर मिल जुलकर परस्पर प्रेम और आपसी विश्वास से समाज, प्रदेश, देश को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि विकास सच्चा और काम अच्छा, हमारा प्रेरणावाक्य है। शांति और सौहार्द हमारा मूलमंत्र है। हम जानते है कि एकता के बिना शांति नहीं होती और शांति के बिना विकास नहीं होता। इसलिए आइये हम सब हर बहकावें भटकावें से बचकर एकजुट होकर आगे बढ़े। और अमन चैन के लिए संभव कोशिश करें।
जन जन से अपील करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का काम जनता के नाम, जनहितकारी नीतियों से जुड़िये और एक नये उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए नया संकल्प धारण कीजिए।
Submitted By: Edited By: Rajesh Kumar Tiwari
गणतंत्र दिवस पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की महाघोषणा
RELATED ARTICLES
