– आचार संहिता और कोरोना नियमों के उल्लंघन करने का आरोप
हापुड़ (हि. स.)। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र से रालोद-सपा की संयुक्त प्रत्याशी नैना सिंह सहित 127 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन पर कोरोना नियमों तथा आचार संहिता का उल्लंघन कर पत्रकार वार्ता करने का आरोप है।
मेरठ निवासी पूर्व सांसद हरीशपाल सिंह की पुत्रवधु नैना सिंह गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र से रालोद-सपा की संयुक्त प्रत्याशी हैं। उन्होंने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ गढ़मुक्तेश्वर में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया था। पुलिस के अनुसार उन्होंने पत्रकार वार्ता के आयोजन के लिए न तो अनुमति ली थी और न ही पत्रकार वार्ता के दौरान कोरोना नियमों का पालन किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा के अनुसार रालोद-सपा गठबंधन की प्रत्याशी नैना सिंह को बिना अनुमति प्रेस कांफ्रेंस करने, निषेधाज्ञा, आचार संहिता तथा कोरोना नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। इन आरोपों के अंर्तगत नैना सिंह सहित 125 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान वीडियो एवं फोटो के माध्यम से कर रही है।
विनम्र व्रत त्यागी
