– सड़क व्यवस्था होगी सुदृढ़, उत्तरोत्तर विकास की ओर बढ़ रहा मीरजापुर जनपद
– केंद्रीय राज्यमंत्री ने भूमि पूजन कर सड़क मरम्मत कार्य का किया शुभारंभ
– राष्ट्रीय राजमार्ग-7 के अधूरे हिस्से का 29 अक्टूबर तक पूर्ण होगा मरम्मत कार्य
मीरजापुर (हि.स.)। लालगंज के बस्तरा में राष्ट्रीय राजमार्ग सात का अब जल्द ही नवीनीकरण होगा और गड्ढामुक्त व चमचमाती सड़कें लोगों की राह आसान बनाएंगी। सड़क व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी तो विकास की गति में भी तेजी आएगी।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री व मीरजापुर जनपद की सांसद अनुप्रिया पटेल ने लालगंज के बस्तरा मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग सात के अधूरे (लालगंज-ड्रमंडगंज) हिस्से की मरम्मत के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को 29 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि बाजारवासियों और ग्रामीण हित में सड़क मरम्मत आवश्यक था। जिले की प्रत्येक बाईपास रोड की पुरानी सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण होगा। इसके लिए सरकार ने स्वीकृति दे दी है। तेजी से सड़क बनाई जाएगी। इसी प्रकार ड्रमंडगंज की सड़क भी बनेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकता गिनाई और कहा कि मीरजापुर जनपद उत्तरोत्तर विकास की ओर बढ़ रहा है। मीरजापुर जनपद को विकास योजनाओं से जोड़कर नया आयाम तय किया जा रहा है। वहीं छानबे विधायक रिंकी कोल ने ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लक्ष्य की जानकारी दी और विकास में तेजी लाने की बात कही।
नवीनीकरण व मरम्मत के लिए शासन से मिली थी 498.91 लाख की स्वीकृति
राष्ट्रीय राजमार्ग की कुल लंबाई 28 किमी में से 13.9 किमी में नवीनीकरण एवं शेष लंबाई में पैच मरम्मत के लिए 17 मई 2023 को 498.91 लाख की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। वर्तमान में पड़री में 3.6 किमी और मीरजापुर में 4.3 किमी का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष लालगंज में 4.6 किमी एवं ड्रमंडगंज में 1.4 किमी का कार्य किया जाना है।
कमलेश्वर शरण/मोहित
