Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगंगा सेवा निधि की देव दीपावली में नारी शक्ति की अदभुत तस्वीर...

गंगा सेवा निधि की देव दीपावली में नारी शक्ति की अदभुत तस्वीर दिखेगी

51 कन्याओं द्वारा मां गंगा की महाआरती, भगीरथ शौर्य सम्मान से शहीद जवानों के परिजन होंगे सम्मानित

वाराणसी (हि.स.)। काशीपुराधिपति की नगरी में इस बार देव दीपावली अलग और अद्भुत होगी। दशाश्वमेध घाट पर नियमित विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती कराने वाली संस्था गंगा सेवा निधि देव दीपावली को यादगार बनाने की तैयारियों में जुट गई है। संस्था का प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव इस वर्ष भी राष्ट्र के अमर वीर योद्धाओं को समर्पित रहेगी। साथ ही साथ वर्षों से चली आ रही एक संकल्प गंगा किनारे के माध्यम से माँ गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने, पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए मौजूद लाखों श्रद्धालुओं को संकल्प भी दिलाया जायेगा।

मंगलवार को संस्था अध्यक्ष सुशान्त मिश्र ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पर्व पर इस बार माँ गंगा की महाआरती में नारी शक्ति की झलक के साथ एक अदभुत तस्वीर भी देखने को मिलेगी। इस वर्ष भव्य महाआरती का प्रारम्भ 51 देव कन्याओं द्वारा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि निधि द्वारा आयोजित आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद को समर्पित भव्य देव-दीपावली महोत्सव के साथ ही आकाशदीप जलाने का समापन होगा। तथा भारत के अमर वीर योद्धाओं को “भगीरथ शौर्य सम्मान” से सम्मानित भी प्रतिवर्ष की भांति किया जायेगा।

सुशांत ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारम्भ निधि के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येन्द्र मिश्र को पुष्पांजलि अर्पित करके होगा। तत्पश्चात प्रो० रेवती साकलकर द्वारा गणपति वंदना व देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति की जायेगी। निधि द्वारा घाट पर बनाये गये इंडिया गेट व अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर संस्था के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी द्वारा संस्था की तरफ से रिथ लेईंग की जायेगी। तत्पश्चात ब्रिगेडियर हुकुम सिंह बैंसला एसएम, कमॉडेण्ट 39 जीटीसी वाराणसी, एयर कमाडोर अनुज गुप्ता विएसएम एयर ऑफिसर कमॉडिंग 4 वायु सेना प्रवरण बोर्ड, वाराणसी,कमाण्डेन्ट अनिल कुमार वृक्ष, 95 बटालियन सीआरपीएफ वाराणसी, कार्यवाहक कमाण्डेन्ट देवेन्द्र कुमार 11वीं वाहिनी, एनडीआरएफ, वाराणसी एवं वाराणसी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा रिथ लेइंग किया जायेगा। इसके बाद 39 जीटीसी के जवानों द्वारा लास्ट पोस्ट व गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जायेगा।

इन शहीद योद्धाओं के नाम पर जलाया गया आकाशदीप

निधि की ओर से पूरे कार्तिक मास देश के अमरवीर योद्धाओं की स्मृति में शहीद ए.एस.आई अनिल कुमार गौड़, अश्वनी कुमार यादव, जम्मू कश्मीर के कुपवारा जिले में आतंकी हमले में 04 मई 2020 को शहीद हुए, सीआरपीएफ के धर्मदेव कुमार नक्सली हमले में बीजापुर जंगल, टेक्लागुरीयम में शहीद,ओम प्रकाश बिन्द, राम निवास यादव, हरिद्वार सिंह यादव, निर्भय नारायण सिंह, अभिषेक सिंह यादव, अंजनी कुमार सिंह सभी भारतीय सेना के जांबाज शहीद, संस्था के संस्थापक स्मृति शेष पं. सत्येन्द्र मिश्र के लिए आकाशदीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसके अलावा भारतीय थल सेना, भारतीय वायु सेना, भारतीय जल सेना, बार्डर सेक्युरिटी फोर्स, पुलिस फोर्स के शहीदों के नाम पर भी आकाशदीप पूरे माह जलाया गया। सुशान्त ने बताया कि अपने स्वजनों की स्मृति में आकाशदीप की परिकल्पना के साथ देशभक्ति को आज से दो दशक काल पूर्व अर्थात 1999 कारगिल युद्ध विजय के उपलक्ष्य में हमने अमर शहीदों के पुण्य स्मृति में आकाशदीप संकल्प का विस्तारीकरण एवं राष्ट्रीय रूप दिया था। उन्होंने बताया कि काशी में सदियों से गंगा घाटों पर अपने पूर्वजों की स्मृति में उनके स्वर्ग लोक की यात्रा के मार्ग को आलोकित करने के लिए आकाश-दीप जलाने की परम्परा रही है। आकाश-दीप से जुड़े कथानकों में ऐसी मान्यता है कि महाभारत युद्ध में प्राण विसर्जित करने वाले वीरों की स्मृति में भीष्म पितामह ने कार्तिक मास में दीप मालिकाओं से उन्हें संन्तर्पण दिया था।

51 हजार रूपये सहायतार्थ शहीदों के परिजनों को दिया जायेगा

सुशांत मिश्र ने बताया कि देव दीपावली पर शहीद जवानों के परिजनों को भगीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। साथ ही शहीद परिवार जनों को 51,000-51,000 रू सहायतार्थ भी निधि परिवार की ओर से दिया जाएगा। उत्सव के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेन्ट जनरल राना एवीएसएम, बीएसएम, 137 गंगा टास्क फोर्स उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भारतीय पार्श्व गायिका अनुराधा पौडवाल की खास उपस्थिति रहेगी।

21 वैदिक ब्राम्हण करेंगे गंगा पूजन,51 हजार दीये घाट पर जलेगा

सुशान्त मिश्र ने बताया कि देव दीपावली पर प्रो. चन्द्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पाण्डेय व निधि के प्रमुख अर्चक्र आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मणों द्वारा भगवती माँ गंगा का वैदिक रीति से पूजन किया जायेगा। राम जनम योगी द्वारा शंखनाद, दुर्गा चरण इण्टर कालेज की 42 छात्राएं जो रिद्धि-सिद्धि के रूप में ब्राह्मणों के साथ होंगी। श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 05 स्वयंसेवक मां गंगा की भव्य महाआरती आरम्भ करेंगे। 51 हजार दीपों से घाट व घाटी जगमग होगी। लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए सुरक्षा की दृष्टि से संस्था द्वारा सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जायेंगे। सहयोग की दृष्टि से भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक व गंगा सेवा निधि के 100 वालेन्टियर्स उपस्थित रहेंगे। 11वीं एनडीआरएफ का वाटर एम्बुलेन्स भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular