Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगंगा में सौर ऊर्जा से चलेगा देश का पहला मिनी लग्जरी क्रूज

गंगा में सौर ऊर्जा से चलेगा देश का पहला मिनी लग्जरी क्रूज

– काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए चलेगा वातानुकूलित सोलर क्रूज

– एक बार में 25-30 यात्री कर सकेंगे सवारी,सरकार से अनुमति का इंतजार

वाराणसी(हि.स.)। काशीपुराधिपति की नगरी में पर्यटक अब उत्तर वाहिनी गंगा में सोलर क्रूज का भी आनंद ले सकेंगे। सौर ऊर्जा से संचालित देश के पहले मिनी लग्जरी क्रूज से श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ धाम के गंगा गेट पर उतरकर दरबार में जाकर दर्शन-पूजन कर सकेंगे। ये क्रूज विशेष तौर पर उन दर्शनार्थियों के लिए होगा जो काशी विश्वनाथ धाम का दर्शन करना चाहते हैं। पंद्रह से बीस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाले इस क्रूज में एक बार में करीब 25 से 30 लोग सवार हो सकेंगे। पूरा क्रूज वातानुकूलित होगा। इसमें कैफिटेरिया और बायो टॉयलेट के साथ ही सुरक्षा के अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदृष्टि और योजना का नतीजा है कि काशी का विकास मॉडल देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वाराणसी में आमजन के लिए रोपवे सेवा भी शुरू होनी है। इसके अलावा सौर ऊर्जा से संचालित मिनी लग्जरी क्रूज़ भी देश में पहली बार काशी में संचालित करने की योजना पर कार्य चल रहा है। गंगा में प्रदूषण कम करने की कवायद में एक बड़ा प्रस्ताव जल्द आने वाला है।

अलकनंदा क्रूज लाइन के अफसरों की मानें तो जल्द ही गंगा में सोलर एनर्जी से चलने वाला मिनी लग्जरी क्रूज लाने की प्लानिंग है जो सिर्फ काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन कराएगा। खिड़कियाघाट ( नमो घाट) और संत रविदास घाट से दो मिनी लक्ज़री क्रूज़ के संचालन का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा जा रहा है। अनुमति मिलते ही दर्शनार्थियों के लिए क्रूज का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

धर्म नगरी काशी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए पहले से गंगा में सीएनजी बोट और पब्लिक ट्रांसपोर्ट लिए सड़क पर इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोपवे भी बनने जा रहा है। अब सौर ऊर्जा से गंगा नदी में चलने वाला मिनी लक्ज़री क्रूज भी पर्यावरण संरक्षण में काफी सहायक होगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular