Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश गंगा में बह गया था सर्राफ का बेटा ऋतिक

 गंगा में बह गया था सर्राफ का बेटा ऋतिक

– मेडिकोलीगल टीम ने भी गंगा में लापता होने की रिपोर्ट में की थी पुष्टि

कानपुर (हि.स.)। गंगा बैराज के पास से करीब सात माह पहले लापता हुए सर्राफ के बेटे ऋतिक के मामले में क्राइम ब्रांच और मेडिकोलीगल की जांच रिपोर्ट आ गई है। इस पर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि ऋतिक का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि वह गंगा की तेज लहरों में बह गया था। पुलिस आयुक्त का कहना है कि आरोपितों से अपहरण की धारा हटाई जाएगी और ऋतिक की तलाश जारी है।

ब्रह्म नगर निवासी अमर सिंह की ज्वैलर्स की दुकान है। बीते वर्ष 23 अगस्त को उनका इकलौता बेटा ऋतिक गंगा बैराज टहलने गया था। इस दौरान अटल घाट के पास से वह रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया था। मामला जब पुलिस में पहुंचा तो पुलिस ने अटल घाट के पास रहने वाले तीन लोगों से ऋतिक का मोबाइल, ब्लूटूथ आदि कुछ सामान बरामद कर लिया। इस पर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। पुलिस ने उसके लापता होने के 72 घंटे बाद अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। बाद में बरामद सामान और शक के आधार पर पुलिस ने रजत कश्यप, रमजान और भिखारी कश्यप को गिरफ्तार करजेल भेजा था।

मेडिकोलीगल की टीम ने जुटाया साक्ष्य

क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में तकनीकी साक्ष्य एकत्र करने के लिए पूरे मामले की जांच मेडिकोलीगल टीम से कराई। सेल के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. कीर्तिवर्धन सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया था। रिपोर्ट में लापता युवक का लोअर बरामद होने का स्थान, गंगा बैराज के खुले गेट और पानी की मात्रा और घाट से पानी की दूरी को आधार बनाया गया है।

आरोपितों से हटेगी अपहरण की धारा : पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने बताया कि मामले में मेडिकोलीगल की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसके साथ ही पुलिस ने भी जांच रिपोर्ट बनाई है। दोनों रिपोर्ट के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है कि ऋतिक गंगा के तेज बहाव में आ गया होगा और तलाश जारी है। जिन आरोपितों को जेल भेजा गया है उन पर लगी अपहरण की धारा हटाई जाएगी, क्योंकि अपहरण का किसी प्रकार का साक्ष्य नहीं मिला है। रिपोर्ट को विवेचना में शामिल करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular