Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेश गंगा दहशरा पर मखदूमपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

 गंगा दहशरा पर मखदूमपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

मेरठ (हि.स.)। गंगा दशहरा पर मंगलवार को मेरठ के मखदूमपुर में गंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इस दौरान लगे गंगा मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

मेरठ जिले में गंगा नदी में हस्तिनापुर क्षेत्र में मखदूमपुर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा और गंगा दशहरे पर मेले का आयोजन किया जाता है। मंगलवार को ज्येष्ठ मास के गंगा दशहरे पर जिला पंचायत द्वारा मखदूमपुर गंगा घाट मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही गंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ आया। हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य कमाने के लिए मां गंगा में डुबकी लगाई और हर-हर गंगे का जयघोष किया। ज्येष्ठ माह के दशहरे का सनातन धर्म में विशेष महत्व है।

मान्यता है कि गंगा दशहरे के दिन गंगा नदी का अवतरण हुआ था। इस दिन गंगा में पवित्र स्नान करना शुभ माना जाता है। श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य दिया और पितृ पूजा करके अपने पूर्वजों की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बच्चों का मुंडन भी कराया गया। हस्तिनापुर क्षेत्र में भीकुंड गंगा घाट पर भी लोगों ने स्नान करके पुण्य कमाया। इस दौरान पूरे जिले से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, चार पहिया वाहनों और दो पहिया वाहनों से गंगा घाट पर पहुंचे।

कुलदीप/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular