कानपुर (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से नम हवाएं कानपुर परिक्षेत्र के मैदानी इलाकों पर बराबर आ रही हैं। इससे वातावरण में नमी पर्याप्त है और दिन में तेज धूप खिलने से सुबह-शाम भीषण कोहरा भी बना रहता है। मौसम के बदले इस मिजाज से न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी कुछ दिनों में भी गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि दक्षिण पश्चिम बंगाल के मध्य भाग और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर कम दबाव का क्षेत्र एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। अब यह दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर पर स्थित है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान, तटीय तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो बार भारी बारिश हो सकती है। आंतरिक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
कानपुर में अधिकतम तापमान 23.5 और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.5 किमी प्रति घंटे रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल एवं रात्रि के समय सर्दी और कोहरा बना रहेगा।
अजय सिंह
