इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से एसडीएम ने कराया वितरण
कानपुर (हि.स.)। पहाड़ों पर हुई जबरदस्त बारिश का असर अब मैदानी क्षेत्रों में दिखने लगा है। कानपुर के गंगा किनारे कटरी के गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। इसको देखते हुए शुक्रवार को एसडीएम की देखरेख में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी ने गरीबों को बाढ़ राहत सामग्री वितरित की।
नरौरा बांध से लगातार गंगा में पानी छोड़ा जा रहा है कानपुर के गंगा बैराज पर पानी का दबाव बढ़ रहा है। इसके चलते यहां से भी शुक्लागंज की ओर बराबर पानी छोड़ा जा रहा है। इससे गंगा के कटरी वाले गांवों में पानी प्रवेश कर रहा है और लोगों की गृहस्थी खराब हो रही है। इसको देखते हुए प्रशासन सहायता के साथ बराबर निगरानी भी कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को इण्डियन रेडक्रॉस सोसाइटी कानपुर द्वारा बाढ़ राहत सामग्री किचन सेट, मच्छरदानी, टी – शर्ट, तारपोलिन (त्रिपाल), हाइजिन किट आदि का वितरण समारोह मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी दीपक पाल के करकमलों द्वारा लक्ष्मणपुरवा, गंगा कटरी में किया गया। यहां गरीबी रेखा के नीचे एवं बेसहारा 50 लोगों को सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी की उपाध्यक्ष पूजा अवस्थी, सचिव आरके सफ्फड़, कोषाध्यक्ष डॉ अंगद सिंह, डॉ विपिन शुक्ला, रामेश्वर निषाद, रामस्वरूप निषाद, संगीता गुप्ता, अनिमेष सिंह आदि उपस्थित रहें।
