वाराणसी(हि.स.)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के गंगा महल घाट पर रविवार को 15 वर्षीय किशोर गंगा में नहाते समय डूब गया। जब तक उसे गंगा की लहरों से निकाला जाता, मौत हो चुकी थी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे अस्सी चौकी प्रभारी ने गोताखोरों की मदद से किशोर के शव को बाहर निकलवाया।
भेलूपुर शुकुलपुर निवासी सौरभ सिंह पुत्र राजकुमार सिंह पूर्वाह्न में साथी रोहित सिंह, देवा सिंह और आर्यन वर्मा के साथ गंगा महल घाट पर स्नान करने के लिए आया हुआ था। गंगा में नहाते समय अचानक पैर फिसलने पर वह गहरे पानी में चला गया। साथ आए किशोरों के शोर मचाने पर आसपास गंगा में नहा रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मृत किशोर के परिजन भी रोते बिलखते घाट पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा आदि के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
श्रीधर/दिलीप
