Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखेल मंत्री का नया नारा, खेलोगे-कूदोगे बनोगे लाजवाब

खेल मंत्री का नया नारा, खेलोगे-कूदोगे बनोगे लाजवाब

– दीप प्रज्वलन व दद्दा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर हुआ महिला हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ

झांसी (हि.स.)। हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद बा वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी में 11 में सीनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ गुरुवार को मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में किया। दद्दा की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने इस अवसर पर नया नारा देते हुए कहा- पढ़ोगे लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।

कहा कि आज मेजर ध्यान चंद्र जी की कर्मभूमि है जोकि वीरों की धरती कही जाती है। झांसी के मैदान पर नेशनल महिला हॉकी चैंपियनशिप का पहला मैच शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में देश के 28 राज्यों से महिला खिलाड़ी आई हुई है। यह टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से लेकर के 30 अक्टूबर तक चलने वाला है। यहां जो यह तमाम प्रतिभाएं है इस टूर्नामेंट के माध्यम से निखर कर आएंगी वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाकर खेलेंगे। इसलिए झांसी और केवल बुंदेलखंड ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के माध्यम से निकलकर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पहले एक नारा बोला जाता था, खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब। लोग खेल कूद को बिगड़ने वाला बताते थे। आज के परिवेश में जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली है यह नारा बदल गया है। अब जो नया नारा दिया गया है- पढ़ोगे लिखोगे तो बनोगे नवाब और खेलोगे कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।

आज हर युवा लाजवाब और स्मार्ट बनना चाहता है। खेल जगत हमसे जुड़ना चाहता है। हमारे प्रधानमंत्री समेत खेल मंत्री और सभी जनप्रतिनिधि की रुचि को देखते हुए खेल मंत्री होने के नाते मैं कहना चाहता हूं कल का भविष्य नौजवानों का है। खिलाड़ियों का है। प्रधानमंत्री ने नारा दिया खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया। उसके बाद से नौजवानों का खेल की ओर रोज झुकाव बढ़ता जा रहा है।

झांसी ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि झांसी को एक और सौगात मिल मिल रही है। झांसी में हॉकी की परंपरा रही है। इस टूर्नामेंट से बुन्देलखण्ड की बेटियों को प्रोत्साहन मिलेगा। वैद्यनाथ परिवार की ओर से हमेशा प्रोत्साहन दिया जाता है। झांसी की बेटियां और बेहतर खेलें इसके लिए मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।

जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में हॉकी पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। जिसका परिणाम है कि आज वीरांगना भूमि पर देश के 11वीं सीनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। समस्त झांसी वासी देश के कोने कोने से आने वाली महिला खिलाड़ियों और अतिथियों के सम्मान में किसी प्रकार की कोई कोर कसर न छोड़ें। यही सभी से मेरा आग्रह है।

इससे पूर्व सभी अतिथियों ने हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित करते हुए दद्दा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक जवाहरलाल राजपूत आदि जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular