Tuesday, February 17, 2026
Homeखेलखेल : थॉमस बाक ने किया टोक्यो 2020 मुख्यालय का दौरा, कर्मचारियों...

खेल : थॉमस बाक ने किया टोक्यो 2020 मुख्यालय का दौरा, कर्मचारियों के समर्पण और कड़ी मेहनत की प्रशंसा की

टोक्यो (हि.स.)।अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक ने मंगलवार को टोक्यो 2020 मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टोक्यो 2020 आयोजन समिति के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए, ओलंपिक के आयोजन में उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की प्रशंसा की।

टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगा। यह आयोजन पिछले साल होना था, लेकिन कोविड -19 महामारी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा।

ओलंपिक की आधिकारिक वेबसाइट ने बाक के हवाले से कहा, “आप वास्तव में अपनी तैयारियों में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। आप टोक्यो को ओलंपिक खेलों के लिए अब तक का सबसे अच्छा तैयार शहर बनाने में कामयाब रहे हैं। यह उन कठिन परिस्थितियों में और भी उल्लेखनीय है, जिनका हम सभी को सामना करना पड़ रहा है।”

टोक्यो 2020 मुख्यालय में कार्यालयों का दौरा करने से पहले आईओसी अध्यक्ष का आयोजन समिति के अध्यक्ष हाशिमोतो सेको द्वारा स्वागत किया गया। उद्घाटन समारोह में केवल 10 दिन शेष हैं, उन्होंने सीईओ एमयूटीओ तोशीरो सहित वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की।

उन्होंने कहा,”अभी भी बहुत काम करना बाकी है – एथलीटों के टोक्यो छोड़ने के बाद ही कार्य पूरा होता है। मंच तैयार है, अब यह अपना सर्वश्रेष्ठ देने का समय है, जिसका हम सभी इतने लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।”

अपनी यात्रा के दौरान, उन्होंने समन्वय आयोग के अध्यक्ष जॉन कोट्स और जापान में आईओसी सदस्य वाटानाबे मोरिनारी के साथ भी मुलाकात की।

RELATED ARTICLES

Most Popular