Sunday, February 15, 2026
Homeखेलखेल : टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित, 10...

खेल : टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित, 10 खिलाड़ी करेंगे पदार्पण

सुनील दुबे

बेंगलुरु (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को आगामी टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए 16 सदस्यीय पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। टीम में 10 ऐसे युवा खिलाड़ी हैं जो ओलंपिक पदार्पण करेंगे। साई केंद्र बेंगलुरु में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में गहन प्रशिक्षण और तैयारी के आधार पर टीम का चयन किया गया है।गोलकीपर पीआर श्रीजेश और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह के साथ, अन्य दिग्गज हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार और मनदीप सिंह अपना तीसरा ओलंपिक खेलेंगे।  घुटने की एक बड़ी चोट के कारण 2016 में पिछले ओलंपिक से चूकने के बाद, बीरेंद्र लाकड़ा को टोक्यो ओलंपिक खेलने का मौका मिला है।
टीम चयन पर बोलते हुए, मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, “16 खिलाड़ियों का अंतिम चयन करना आसान प्रक्रिया नहीं था, क्योंकि खिलाड़ियों के इस समूह में बहुत सारी गुणवत्ता और महत्वाकांक्षा है। सभी एथलीटों का प्रदर्शन स्तर एक उच्चतम स्तर का है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि वे एक साथ अच्छी तरह से काम करते हैं।”
उन्होंने कहा, “वे जानते हैं कि ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने का क्या मतलब है। अब हम उसी तीव्रता के साथ प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और हमारा लक्ष्य टोक्यो में सामूहिक इकाई के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।”
इसके अतिरिक्त, टीम में शामिल होने वाले अमित रोहिदास, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित और नवोदित फॉरवर्ड, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और ललित कुमार उपाध्याय हैं।
चयनित टीम को बधाई देते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने कहा, “भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पास ओलंपिक प्रदर्शन की एक समृद्ध विरासत है और मुझे लगता है कि इस बार टीम अपने गौरवशाली दिनों को फिर से वापल लाएगी।”
उन्होंने कहा, “एफआईएच प्रो लीग में ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ हालिया प्रदर्शन से पता चलता है कि वे सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”

टोक्यो ओलंपिक के लिए टीम इस प्रकार है-:गोलकीपर: 
पीआर श्रीजेश।डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लकड़ा।मिडफील्डर: हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित।फॉरवर्ड: शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह।

RELATED ARTICLES

Most Popular