मेरठ (हि.स.)। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को चिह्नित कर प्रेरित किया जाए। इससे देश और दुनिया में ये प्रतिभाएं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।
राजकीय इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय एथलेटिक क्रीड़ा रैली का जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उद्घाटन किया। माछरा क्षेत्र द्वारा लीड करते हुए लावड क्षेत्र, मेरठ पूर्वी क्षेत्र, डौरली क्षेत्र, मवाना क्षेत्र, सरधना क्षेत्र, मेरठ पश्चिम क्षेत्र, पांचली क्षेत्र द्वारा मार्चपास्ट किया गया, जिसमें खालसा कन्या इंटर कालेज थापरनगर मेरठ द्वारा बैंड का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में 800 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें जवाहर इंटर कालेज रार्धना के शुभम ने प्रथम, पिलौना के वंश ने द्वितीय तथा जनता इंटर काॅलेज खरखौदा के आकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी द्वारा तीनों विजेताओं को पदक पहना कर सम्मानित किया गया। जनपदीय एथलेटिक क्रीड़ा रैली में गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, किसान गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री मल्लू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज आदि कॉलेजों की छात्राओं ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक, कोच तथा शिक्षक खेल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे बच्चों को चिह्नित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। इस कार्य में प्रशासन की सहायता लें। प्रशासन खेलकूद प्रोत्साहन समिति के माध्यम से हर संभव सहयोग करेगा। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ल, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील भड़ाना आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
