Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखेल कारोबारी के फर्जी चेक से 02 लाख रुपए निकालने की कोशिश,...

खेल कारोबारी के फर्जी चेक से 02 लाख रुपए निकालने की कोशिश, आरोपित फरार

मेरठ (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में मंगलवार को 01 युवक ने खेल उपकरण निर्माता कारोबारी के खाते से फर्जी चेक से 02 लाख रुपए निकालने की कोशिश की। बैंक से उद्यमी को फोन जाने पर इस धोखाधड़ी का पता चला। मौका देखकर युवक मौके से खिसक गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

मेरठ के खेल उपकरण निर्माण कंपनी लेगगार्ड के निदेशक और आईआईए मेरठ चैप्टर के चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने बताया कि उनका दिल्ली रोड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्थित पीएनबी बैंक शाखा में खाता है। मंगलवार को बैंक से उनके पास फोन आया कि उनके खाते से 02 लाख रुपए कैश भुगतान के लिए चेक आया है। क्या उस चेक का भुगतान कर दें? कारोबारी ने बैंक कर्मचारी से उस चेक का नंबर पूछकर अपनी चेक बुक चेक की तो पता चला कि उस नंबर का चेक तो चेक बुक में मौजूद है। इस पर कारोबारी ने बैंक कर्मचारी से थोड़ी देर में ही आने की बात कहकर चेक लेकर आए युवक को रोकने को कहा। इसके बाद मौका पाकर बैंक से युवक फरार हो गया। कारोबारी ने बैंक कर्मचारियों से नाराजगी जताई और पुलिस को सूचना दी। कारोबारी ने बैंक शाखा में भी फ्रॉड चेक के जरिए बैंक से 02 लाख रुपए निकालने की कोशिश की लिखित शिकायत ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपित की तलाश में जुटी है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular