बिजनौर(हि.स.)। नगीना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव काजीवाला में शनिवार की सुबह छह बजे खेत गई महिला को गुलदार ने हमला कर अपना शिकार बना लिया। इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
नगीना थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव काजीवाला के हरि सिंह की पत्नी मिथलेश (45) रोज की तरह खेत में शनिवार को शौच के लिए गई थी। वह काफी देर होने के बाद नहीं लौटी तो परिवार वाले उसे तलाशने निकले। परिवार वालों ने देखा कि गुलदार मिथलेश के पास बैठा हुआ है। यह नजारा देख उन्होंने शोर मचाना शुरु कर दिया। जिस पर गुलदार भाग गया। परिवारीजन जब पास पहुंचे तो महिला मिथलेश का शव पड़ा था। इस घटना की खबर गांव में पहुंचते ही दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना पर एसडीएम नगीना शैलेन्द्र कुमार, सीओ संग्राम सिंह, थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वन विभाग के रेजंर प्रदीप कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ पहुंचे।
गांव के लोगों ने पिजंरा लगवाकर तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी कराने की मांग की, जिससे गुलदार को पकड़ा जा सके। वन विभाग ने पिंजरे में बकरी बांध कर लगा दिया है। पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेजवा दिया। मृतक महिला अपने पीछे एक लड़की तथा तीन लड़के छोड़ गईं है और चारों छोटे हैं। ग्रामीणों ने मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए सरकार से आर्थिक मदद देने की अपील की है।
गुलदार पहले भी बना चुके हैं लोगों को शिकार
नगीना क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हमारे गांव के आसपास कोई वन क्षेत्र नहीं है उसके बावजूद बड़ी संख्या में गुलदार खेतों में आए दिन घूम देखे जाते हैं। जहां वन क्षेत्र है वहां गुलदार का आतंक नहीं है। यहां आये दिन गुलदार की घटनाओं से दो-चार होना आम बात हो गई है। गुलदार कई इसांनों के साथ बड़ी संख्या में पालतू जानवरों का शिकार कर चुके हैं।
नरेन्द्र
