— डिप्टी सीटीएम ने किया निरीक्षण, वेंडरों पर मचा हड़कंप
कानपुर(हि.स.)। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्रकार की खाद्य सामग्री के लिए रेट निर्धारित है। इसके बावजूद कुछ वेंडर अधिक दाम पर खाद्य सामग्री बेचने का प्रयास करते हैं। ऐसे वेंडरों पर सख्त कार्रवाई के लिए निरीक्षण किया गया लेकिन सब कुछ सही पाया गया फिर भी अधिक दाम पर खाद्य सामग्री बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बातें बुधवार को निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीटीएम हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कही।
बीते कई दिनों से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से रेल यात्रियों द्वारा ये शिकायतें मिल रही थी कि प्लेटफॉर्म पर वेंडरों द्वारा तय मूल्य से अधिक रुपयों की वसूली करते हुए खाने पीने की वस्तुएं बेची जा रही थी। जिसके चलते बुधवार को डिप्टी सीटीएम हिमांशु शेखर उपाध्याय ने भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन के कैंट साइड से लेकर सिटी साइड तक सभी प्लेटफार्म का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेंडरों में हड़कम्प मच गया।
उन्होंने कई वेंडरों को खाने पीने की वस्तुओं को ढक कर रखने की हिदायत दी। स्टेशन के बाहर अवैध रूप से दुकान लगाए हुए दुकानदारों पर कार्रवाई की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि इस तरह के निरीक्षण तब तक होते रहेंगे जब तक कि यात्रियों द्वारा की जाने वाली शिकायतें खत्म न हो जाये।
महमूद/मोहित
