Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखनन कर बेतवा नदी को खोखला करने में लगी 18 प्रतिबंधित पोकलैण्ड...

खनन कर बेतवा नदी को खोखला करने में लगी 18 प्रतिबंधित पोकलैण्ड मशीनें सीज

– छापेमारी में 48 ट्रकों पर भी की गई कार्रवाई

हमीरपुर (हि.स.)। हमीरपुर में खनन माफिया बेखौफ होकर बेतवा नदी को छलनी करने में जुटे हैं और यहां का प्रशासन जो आंख मूंदकर बैठा है। भाजपा विधायक के अवैध खनन पर प्रशासन के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाने के बाद अब जिलाधिकारी और एसपी ने अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी के नेतृत्व में शनिवार तड़के अधिकारियों की टीमों ने कई खदानों में छापेमारी कर डेढ़ दर्जन प्रतिबंधित मशीनें मौके से सीज की हैं। साथ ही मौरंग के ओवलोड 48 भारी ट्रकों पर भी बड़ी कार्रवाई की गई है। अचानक प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

हमीरपुर जिले में आधा दर्जन से अधिक मौरंग खदानें संचालित हो रही हैं। खनन माफियाओं के दिन रात प्रतिबंधित पोकलैण्ड मशीनों से बेतवा नदी को खोखला करने का खेल लगातार चलने के बाद भी यहां खनिज विभाग आंख मूंदकर बैठा रहा। इतना ही नहीं बिना रायल्टी के भी हजारों ट्रकों में मौरंग के इधर से उधर भेजी जाती है। जिससे सरकार को रोजाना लाखों रुपये के राजस्व को नुकसान हो रहा है।

कल ही भाजपा के सदर विधायक डाॅ. मनोज कुमार प्रजापति ने मीडिया के सामने अवैध खनन पर प्रशासन के अधिकारियों पर बड़े सवाल किए थे। उन्होंने सीधे तौर पर खनिज और परिवहन विभाग के एआरटीओ व खनन क्षेत्र के थानों की पुलिस पर गैंग बनाकर अवैध खनन कराने के आरोप लगाए थे।

विधायक का कहना था कि ये अधिकारी सरकार की छवि पर बट्टा लगा रहे है। जिनकी शिकायत सीएम से की गई है। अवैध खनन पर विधायक के बड़े सवाल उठाने के बाद प्रशासन ने देर रात में ही टीमें बनाकर कार्रवाई करने की हरी झंडी दी। स्वयं जिलाधिकारी डाॅ. सीबी त्रिपाठी व एसपी शुभम पटेल भी कार्रवाई के लिए खदान पहुंचे। जहां प्रतिबंधित मशीनों से खनन होते देख अधिकारी दंग रह गए।

बेतवा नदी में खनन करते 18 प्रतिबंधित पोकलैण्ड मशीनें सीज

एडीएम रमेश चन्द्र तिवारी ने आज बताया कि चिकासी क्षेत्र में खंड-23/7, चार समेत कई खदानों में छापेमारी कराई गई। यह कार्रवाई अभी भी जारी हैं। बताया कि खदानों से प्रतिबंधित 18 पोकलैण्ड मशीनें पकड़ी गई हैं, जिन्हें सीज कर दिया गया है। इसके अलावा ओवर लोडिंग पर 48 ट्रकों पर भी कार्रवाई कराई गई है। वहीं आठ ट्रकों को सीज कर दिया गया है। बताया कि खनिज विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर अभी जांच कर रही है। विधिक कार्रवाई के लिए भी निर्देश दिए गये हैं। अवैध खनन व ओवर लोडिंग किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महीने भर में ही मौरंग के दर्जनों ओवर लोड ट्रकों पर हुई कार्रवाई

एडीएम ने बताया कि कुछ दिन पहले 24/18 खंड में छापेमारी के दौरान दो प्रतिबंधित पोकलैण्ड मशीनें पकड़कर सीज कराई गई थी। छापेमारी के समय मशीनों को छोड़कर उनके चालक भाग गए थे। ओवर लोडिंग पर एक दर्जन मौरंग के ट्रकों का भी चालान किया गया था।

खनिज सर्वेक्षक वीपी शुक्ला ने बताया कि 15 नवम्बर की रात से अगले दिन सुबह तक अधिकारियों की टीम ने चेकिंग कर 17 ऐसे माैरंग के ओवर लोड ट्रकों को सीज किया था जिनके पास मौरंग की रायल्टी नहीं थी। पिछले माह बिना रायल्टी के दस मौरंग के ट्रकों को सीज किया गया था।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular