चित्रकूट (हि.स.)। खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के 7वें समारोह का शुभारम्भ मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। फेस्टिवल में कौशल हॉट लगेगा व फिल्मी सितारों का जमावड़ा रहेगा। प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। यूपी-एमपी बुंदेलखंड के 20 जिलों से लोगों को बुलाया जा रहा है।
शनिवार को फिल्म फेस्टिवल के बुन्देलखण्ड प्रभारी बुन्देली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव पर 05 से 11 दिसम्बर तक खजुराहो के मेला ग्राउंड में फिल्म फेस्टिवल होगा। मुम्बई से फिल्म अभिनेता गोविंदा, बॉबी देओल, रोहिताश गौड़, कॉमेडियन वीआईपी, सुरेश बेरी, फिल्म निर्देशक सुभाष घई, सिंगर शब्बीर, अभिनेत्री मल्लिका शेरावत, राखी सावंत, नवनी परिहार समेत तमाम अभिनेता और अभिनेत्रियां फेस्टिवल की शोभा बढ़ाएंगी। यूपी-एमपी बुंदेलखंड के 20 जिलों से लोगों को बुलाया जा रहा है।
बुन्देलखण्ड के इन्हीं जिलों की प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। टपरा टाकिजों के अलावा थियेटर में भी फिल्में आकर्षण का केंद्र बनेगीं। फेस्टिवल के संयोजक अभिनेता राजा बुन्देला ने एक माह पहले से आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी थी। उनके साथ अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी, राम बुन्देला, आरिफ शहडोली, जगमोहन जोशी, विराज तिवारी की टीम युद्धस्तर पर फेस्टिवल की सफलता के लिए प्रयासरत हैं। फेस्टिवल का शुभारम्भ मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह करेंगे।
