– उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने हारने वाली सीटों के लिए लिखा पत्र
लखनऊ (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने हारने वाली विधानसभाओं के प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए पत्र लिखकर उनमें उत्साह भरने के साथ-साथ उनके मंगलमय भविष्य की कामना की है। साथ ही हार पर यह भी कहा कि जीवन यात्रा में यह क्षणिक विराम हो सकता है, विश्राम नहीं।
स्वतंत्र देव सिंह ने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यशस्वी और ऊर्जावान नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार को प्रदेश की जनता ने पुनः सेवा का अवसर दिया है। इस असाधारण उपलब्धि का श्रेय आपके तप, त्याग और परिश्रम को भी जाता है।
कहा कि कुछ मतों से आप पीछे जरूर रह गए लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत को संपूर्णता में देखती है। यह हमारे संगठन का संस्कार है। जनसेवा के पावन कार्य में वह भी सही यह भी सही। जो संकल्प आपने अपने जीवन के लिए लिया है, उस कर्तव्य पथ पर या केवल क्षणिक विराम हो सकता है, विश्राम नहीं।
स्वतंत्र देव सिंह ने आगे लिखा है कि मुझे आशा ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि पूर्व की ही भांति आप पूरी निष्ठा और संपूर्णता के साथ जनता जनार्दन की सेवा में तथा देश प्रदेश की गौरव यात्रा में योगदान के लिए अग्रसर रहेंगे।
दिलीप शुक्ला
