– क्राइम ब्रांच के कुछ कर्मियों पर लगे थे वसूली के आरोप, चल रही है जांच
कानपुर (हि.स.)। क्राइम ब्रांच के कुछ कर्मियों पर आरोप लगा था कि एसटीएफ बनकर अपराधियों से वसूली कर रहे हैं। इसको लेकर पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी मुख्यायल संजीव त्यागी को जांच सौंपी है। जांच अभी चल ही रही थी कि संयुक्त पुलिस कानून व्यवस्था ने शनिवार को बड़ा फेरबदल कर दिया। क्राइम ब्रांच में तैनात दारोगा समेत सात पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही आठ लोगों को अपराध शाखा में नई तैनाती दी है।
कानपुर के क्राइम ब्रांच में तैनात कुछ कर्मी अपराधियों को जब पकड़ते थे तो अपने को एसटीएफ का कर्मी बताते थे। इसके बाद उनसे वसूली करते थे और छोड़ देते थे। इसका खुलासा पिछले दिनों उस समय हुआ था जब एसटीएफ ने पुलिस कमिश्नर को रिपोर्ट सौंपी थी कि अब तक जांच में सामने आया है कि 11 मामलों में क्राइम ब्रांच के कर्मी अपराधियों को पकड़ने के दौरान अपने को एसटीएफ का कर्मी बताये हैं। यही नहीं इन सबसे वसूली भी की गई है और परिजन एसटीएफ के दफ्तर शिकायत करने पहुंचे थे।
इस पर पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना ने जांच बैठा दी और डीसीपी मुख्यालय संजीव त्यागी को जांच अधिकारी बना दिया। मामले को लेकर अभी जांच चल ही रही है कि संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था ने क्राइम ब्रांच में उलट फेर कर दिया। क्राइम ब्रांच में तैनात एक दारोगा समेत सात पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके साथ ही एक दारोगा समेत आठ पुलिस कर्मियों को अलग अलग जगहों से क्राइम ब्रांच भेजा गया है। हालांकि अभी अधिकारी तबादले को लेकर कुछ नहीं कह रहे हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार एसटीएफ की रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की गई है।
ये हुए लाइन हाजिर
उपनिरीक्षक शुभम यादव, मुख्य आरक्षी शमशाद अली, मुख्य आरक्षी शिववीर सिंह, मुख्य आरक्षी रवि कुमार, आरक्षी अंकुर भदौरिया, आरक्षी लाखन सिंह, आरक्षी देवांश सिरोही को अपराध शाखा से पुलिस लाइन भेजा गया है।
इनको मिली अपराध शाखा में तैनाती
उप निरीक्षक विक्रम सिंह को सीसामऊ से अपराध शाखा, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार को चकेरी से अपराध शाखा, मुख्य आरक्षी प्रदीप सिंह को कर्नलगंज से अपराध शाखा, आरक्षी शीतांश गंगवार को स्वरुप नगर से अपराध शाखा, आरक्षी सूरज सिंह को पुलिस लाइन से अपराध शाखा, महिला आरक्षी पूनम को पुलिस लाइन से अपराध शाखा, आरक्षी हाकिम सिंह को यातायात पुलिस से अपराध शाखा, आरक्षी अभिषेक कुमार को यूपी 112 से अपराध शाखा में तैनाती दी गई है।
अजय/मोहित
