Sunday, February 15, 2026
Homeराष्ट्रीयक्या केन्द्रीय मंत्री को गिरफ्तार कर सकती है राज्य सरकार?

क्या केन्द्रीय मंत्री को गिरफ्तार कर सकती है राज्य सरकार?

नेशनल डेस्क

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया। कुछ घंटे के बवाल के बाद देर रात उन्हें बेल भी मिल गई। 23 अगस्त को उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ‘कान के नीचे बजाने’ का बयान दिया था। इसके बाद पूरे महाराष्ट्र में शिव सैनिकों ने उग्र प्रदर्शन किया। कई जिलों में राणे के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज हुई। नासिक में भाजपा कार्यालय पर पत्थरबाजी भी की गई, तो वहीं मुंबई में राणे के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे शिव सैनिकों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। राणे हाल ही में कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं और उनके पास सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय है। इस वजह से सवाल उठते हैं कि क्या किसी राज्य की पुलिस किसी कैबिनेट मंत्री को आम लोगों की तरह गिरफ्तार कर सकती है? क्या संसद सदस्यों को कोई विशेषाधिकार नहीं हैं?
इस बारे में विशेषज्ञ बताते हैं कि जब संसद सत्र नहीं चल रहा हो तो संसद सदस्यों को किसी भी क्रिमिनल केस में अरेस्ट किया जा सकता है। हालांकि, पुलिस को राज्यसभा या लोकसभा के अध्यक्ष को गिरफ्तारी का कारण, अगर नजरबंद किया जा रहा है तो नजरबंदी की जगह और जेल भेजे जाने की स्थिति में जेल के बारे में जानकारी देनी होती है। हालांकि, सिविल मामलों में किसी भी संसद सदस्य को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। संसद सदस्यों को संविधान के तहत कई विशेषाधिकार मिले हैं। जैसे कि यदि संसद का सत्र चल रहा होता है तो सिविल मामलों में किसी भी सदस्य को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। संसद सत्र शुरू होने के 40 दिन पहले और खत्म होने के 40 दिन बाद तक सदस्यों को यह विशेषाधिकार रहता है। हालांकि, क्रिमिनल और नजरबंदी के मामलों में यह लागू नहीं होता है। जानकार बताते हैं कि संसद की सीमा से किसी सांसद को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। हालांकि, लोकसभा स्पीकर या राज्यसभा के सभापति की अनुमति हो, तो गिरफ्तारी संभव है। संसद सत्र चल रहा हो, या न चल रहा हो, यह शर्त दोनों स्थिति में लागू होती है। गिरफ्तारी के समय पुलिस या किसी भी कानूनी एजेंसी को गिरफ्तारी के संबंध में गृह मंत्रालय के बताए दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

इससे पहले कब कब ऐसा हुआ है?

इससे पहले 2001 में तमिलनाडु में कैबिनेट मंत्रियों की गिरफ्तारी हुई थी। केंद्रीय मंत्री मुरासोली मारन और टीआर बालू को उस समय गिरफ्तार किया गया था। मारन उस समय केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री थे और बालू केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री थे। दरअसल तमिलनाडु के तत्कालीन मुख्यमंत्री एम करुणानिधि पर फ्लाइओवर घोटाले में शामिल होने का आरोप था। जब पुलिस करुणानिधि को गिरफ्तार करने पहुंची, उस वक्त टीआर बालू और मुरासोली मारन भी वहीं थे। उन्होंने करुणानिधि की गिरफ्तारी का विरोध किया। पुलिस ने दोनों को शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। भारत के इतिहास में ये पहला मामला था जब पद पर रहते हुए केंद्रीय मंत्रियों की गिरफ्तारी हुई थी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भाषण दे रहे थे। भाषण के दौरान उद्धव ठाकरे अमृत महोत्सव या हीरक महोत्सव को लेकर कंफ्यूज दिखे। उन्होंने पीछे खड़े शख्स से पूछा कि हीरक महोत्सव है या अमृत महोत्सव। पीछे वाले शख्स ने जवाब दिया – अमृत महोत्सव। भारत आजादी के 75वें साल में प्रवेश कर चुका है। भारत सरकार इस उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव मना रही है।

हाईकोर्ट में बैकफुट पर आई उद्धव सरकार

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नारायण राणे की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की उद्धव सरकार बॉम्बे हाई कोर्ट में बैकफुट पर आ गई है। उद्धव सरकार ने बुधवार को हाई कोर्ट को बताया कि राणे के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने कोर्ट से कहा कि वो राणे के खिलाफ नासिक साइबर पुलिस में दर्ज प्राथमिक को लेकर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने को लेकर पुलिस ने मंगलवार को नारायण राणे को गिरफ्तार कर ली थी। हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 सितंबर की तारीख तय की है। वहीं, बीजेपी नेता नारायण राणे ने मुंबई में कहा कि बॉम्बे हाई कोर्ट में मेरे खिलाफ दायर सभी मामलों में फैसला मेरे पक्ष में आया है। यह इस बात का संकेत है कि देश कानून से चलता है। राणे ने कहा कि मेरी पार्टी के नेता मेरे पीछे खड़े हैं और मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। जन आशीर्वाद यात्रा परसों फिर से शुरू होगी। न्यायमूर्ति एस एस शिन्दे और न्यायमूर्ति एन जे जामदार की खंडपीठ राणे द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसमें नासिक में दर्ज प्राथमिकी और भविष्य में दर्ज किए जा सकने वाले अन्य सभी मामलों को निरस्त करने का आग्रह किया गया है। राणे ने मंगलवार को दायर अपनी याचिका में गिरफ्तारी से संरक्षण दिए जाने का भी आग्रह किया है।

क्या केन्द्रीय मंत्री को गिरफ्तार कर सकती है राज्य सरकार?

यह भी पढ़ें : भीषण आग में करीब 60 लाख के एलईडी, मोबाइल जले

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular