– हादसे में मिट्टी में दबी 4 महिलाओं को जीवित निकाला गया
-टीले में मिट्टी के जेसीबी से अवैध खनन कर बनाया बड़ा खंड
कौशाम्बी(हि स)। कोखराज थाना क्षेत्र के ककराबाद गांव में खंड नुमा टीले से मिट्टी निकालने गई पांच ग्रामीण महिलाओं में एक की मौत हो गई है, जबकि चार महिलाओं को जीवित बाहर निकाल लिया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक अवैध खनन के चलते माफिया ने बड़े हिस्से में जेसीबी से खनन कर खंड बना दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की लाश को कब्जे में लेकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
कोखराज के ककराबाद गांव की रहने वाले सुरेश गौतम पेशे से मजदूर हैं। सुरेश परिवार का गुजर-बसर मेहनत मजदूरी कर मिलने वाली रकम से करते हैं। गर्मियों में घर की पुताई के लिए मिट्टी लेने सुरेश गौतम की पत्नी नत्थी देवी शुक्रवार की सुबह पड़ोस की चार महिलाओं के साथ कसिया के गौरैया वीर बाबा स्थित मिट्टी के टीले के पास गई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक वहां पर पिछले कई दिनों से अवैध खनन के जरिए मिट्टी माफिया जेसीबी से टीले के आसपास गहरा खड्डा बना दिए हैं। जिसमें से चिकनी मिट्टी निकालने के लालच में ग्रामीण महिलाएं अक्सर जाती हैं। सुबह भी नथी देवी के साथ चार महिलाएं मिट्टी निकाल रही थीं। इसी दौरान मिट्टी का टीला ढह गया। जिसमें नत्थी देवी सहित चारों महिलाएं दब गई।
चीख-पुकार सुन आसपास के लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए चार महिलाओं को टीले के ढेर से बाहर निकाल लिया, जबकि नत्थी देवी को बाहर निकालते ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज भेजा है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
थाना प्रभारी विनोद मौर्य ने बताया हादसे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक महिला की मौत हुई है। उसकी लाश कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष से मिलने वाली तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
अजय कुमार/राजेश
