Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकौशाम्बी: चुनावी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, आधा दर्जन घायल, केस दर्ज

कौशाम्बी: चुनावी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, आधा दर्जन घायल, केस दर्ज

खेत में गई बकरी के विवाद में भड़का आक्रोश

सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

कौशाम्बी, 26 जुलाई (हि.स.)। सरायअकिल थाना क्षेत्र के किशनपुर अम्बारी गांव में रविवार शाम जमकर उपद्रव हुआ। महज खेत में बकरी चले जाने के विवाद में मौजूदा प्रधान पक्ष व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हुए। जिनका इलाज सीएचसी में कराया गया। सोमवार की सुबह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस में मामले की तहरीर मिलते ही दोनों पक्षों के दर्जन भर लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

कलीम उल्ला पुत्र स्व भुल्लू ने बताया, रविवार की शाम वह और उसके परिवार के सदस्य खेत से काम कर घर लौट रहे थे। गांव के बाहर खलिहान के पास प्रधान सद्दाम अहमद, सरफराज, ननका, जिशान सहित दो दर्जन लोगों ने उन्हें घेर कर लाठी डंडे से मारना पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुन उनके पक्ष के लोगों ने ईंट पत्थर चलाकर उनकी जान बचाई। प्रधान सद्दाम से उनका पंचायत चुनाव में वोट को लेकर रंजिश चल रही है। दोपहर उनके खेत में बकरी चले जाने के बाद से प्रधान पक्ष के लोग गाली-गलौज कर रहे थे।

प्रधान सद्दाम अहमद ने बताया, कलीम उल्ला की बकरियां अक्सर उनके खेत में घुस कर सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा रही थी। उन्हें कई बार मना किया गया, लेकिन वह नहीं मान रहे थे। शाम को कलीम उल्ला को रोककर बात करने की कोशिश की गई, तो कलीम पक्ष ने उन पर ईंट पत्थर चला दिए। बचाव में उनके पक्ष ने भी मारपीट की।

डिप्टी एसपी चायल श्यामकांत ने बताया, किशुनपुर अम्बारी गांव में विवाद की सूचना पर पुलिस बल भेजा गया था। खेत में बकरी जाने का कुछ विवाद बताया जा रहा है। कई लोग मामूली घायल हुए थे। जिन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया है। दोनों पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी व अन्य जरूरी कानूनी कार्यवाही की जा रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। बलवाइयों को वीडियो के आधार पर चिह्नित किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular