-संदीपन घाट थाने बसेड़ी गाव मे गाड़ी खराब हुई तो रोडवेज से भागे
-28 फरवरी को पुलिस गाड़ी व 2 संदिग्ध पकड़े, नहीं की कार्यवाही
कौशांबी(हि.स.)। प्रयागराज उमेश पाल व 2 पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्याकांड को अंजाम देने के बाद असद और गुड्डू मुस्लिम कौशांबी होते हुए भागने के संकेत मिले हैं। माना जा रहा है कि वारदात के 4 दिन बाद 28 फरवरी को अतीक का बेटा असद व गुड्डू मुस्लिम अतीक के बहनोई एखलाख की कार से मेरठ के लिए निकले, लेकिन उनकी कार संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेड़ी गाव के पास खराब हो गयी। जिसे शूटर बसेड़ी निवासी मोबिन उर्फ मुन्ना अंसारी की देख-रेख मे छोड़कर रोडवेज बस में बैठ कर निकल गए।
शूटर्स के निकल जाने के बाद पुलिस को शाम बसेड़ी के ग्रामीणों ने लावारिस हालत में मिली कार की जानकारी दी। संदीपन घाट थाना के हर्रायपुर चौकी प्रभारी केके यादव तत्काल मौके पर पहुंचे ।उन्होंने कार्यवाही करते हुए कार को अपने कब्जे के लेकर उसकी देखरेख करने वाले मोबिन उर्फ मुन्ना अंसारी व एक अन्य अज्ञात को पकड़ लिया। पुलिस सूत्र के मुताबिक 06 मार्च तक दारोगा केके यादव ने गाड़ी की जानकारी न तो थाना प्रभारी राकेश राय को दी और न ही पकड़े गए संदिग्ध से कार के संबंध मे पुख्ता जानकारी हासिल की।
बताया जा रहा है कि दारोगा केके यादव ने 06 मार्च को संदीपन घाट थाना प्रभारी राकेश राय को कार मिलने की जानकारी देते हुए उसे लावारिस में दाखिल (लिखा-पढ़ी) कर पकड़े गए आरोपियों से मोटी रकम लेकर उन्हें छोड़ दिया। पुलिस की पकड़ से छूटते ही मोबिन उर्फ मुन्ना अंसारी लापता हो गया। सस्पेंड थानेदार राकेश राय ने बातचीत के दौरान खुलासा किया कि उन्हें जरा सा भी अंदेशा नहीं था कि दारोगा केके यादव उनसे इतनी बड़ी बात छिपाए हुए है। जांच के क्रम में उन्होंने गाड़ी के नंबर यूपी 15 बीके 1515 कि जानकारी के लिए डीसीआरबी मेरठ से संपर्क किया। जहां से उन्हें गाड़ी के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली। जिसके चलते उन्होंने दारोगा के बहकावे में आकर गाड़ी को लावारिस में दाखिल कर मामले को बंद कर दिया।
उमेश पाल हत्याकांड के शूटर्स की तलाश मे जुटी यूपी पुलिस के अफसरों ने मेरठ से अतीक अहमद के बहनोई एखलाख की गिरफ्तारी की। एखलाख से पूछताछ व घर के सीसीटीवी से हुए खुलासे के बाद कौशांबी पुलिस के एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने ताबड़तोड़ कार्यवाही कर महज कुछ घंटों के अंदर सीओ चायल का कार्यक्षेत्र बदल थानेदार संदीपनघाट राकेश राय व हर्रायपुर चौकी प्रभारी के के यादव को निलंबित कर जांच बैठा दी।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने मुताबिक, पूरे घटना क्रम की विस्तृत जांच एडिशनल एसपी समर बहादुर से कराई जा रही है। जांच के उपरांत जो रिपोर्ट आएगी, उसी के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
अजय कुमार
