नई दिल्ली (हि.स.)। पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने विराट कोहली को उनके 100वें टेस्ट मैच से पहले बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अगली पीढ़ी को प्रेरित करके भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान दिया है।
तेंदुलकर ने ट्विटर पर बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, “आपके 100वें टेस्ट मैच के लिए बधाई। क्या शानदार उपलब्धि है! वर्षों से आपको देखना शानदार रहा है। संख्याओं की हमेशा अपनी कहानी होगी, लेकिन आपकी असली ताकत यह है कि आप अगली पीढ़ी को प्रेरित करने में सक्षम हैं और यह आपका भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान है।”
तेंदुलकर ने याद किया कि सीनियर भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली बार उन्होंने कोहली के बारे में 2008 में ऑस्ट्रेलिया में सुना था। उन्होंने कहा, “आपकी टीम इंडोनेशिया में अंडर-19 विश्व कप खेल रही थी। टीम में कुछ खिलाड़ी आपस में चर्चा कर रहे थे कि यह एक ऐसा खिलाड़ी है जिस पर ध्यान देना चाहिए। यह अच्छी बल्लेबाजी कर लेता है।”
सचिन ने कहा कि क्रिकेटरों के रूप में उनके समय के दौरान, यह स्पष्ट था कि कोहली चीजों को सीखने में बहुत अच्छे थे और बेहतर के लिए अपने खेल पर काम करते रहना चाहते थे।
2011 के एक किस्से को याद करते हुए, जिसने कोहली को फिटनेस को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया, तेंदुलकर ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कोई कसर नहीं छोड़ी है और अपनी फिटनेस के लिए सभी के लिए एक शानदार रोल मॉडल रहे हैं।
सचिन ने कहा, “मुझे याद है कि हम 2011 में ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में थे। वहाँ एक थाई रेस्तरां था जहाँ कुछ अच्छा भोजन होता था। एक शाम को भारी भोजन के बाद, आपने कहा ‘पाजी बहुत हो गया, अब फिटनेस पर ध्यान देना है’। जहां तक फिटनेस का सवाल है, आप एक शानदार रोल मॉडल रहे हैं। क्रिकेट की संख्या एक अलग चीज है, जो दुनिया के देखने के लिए है, लेकिन उस विशेष शाम को मुझे याद है कि आपने ऐसा कहा और अपने लक्ष्य को हासिल किया।”
भारत के पूर्व कप्तान विराट अब सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, अनिल कुंबले, कपिल देव, सुनील गावस्कर आदि जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल होंगे, जिन्होंने 100 टेस्ट या उससे अधिक में देश का प्रतिनिधित्व किया है।
कोहली का 100वां टेस्ट मैच दर्शकों के सामने खेला जाएगा। भारत श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली में खेलेगा। दूसरा टेस्ट मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
कोहली अपना 100वां टेस्ट मैच रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलेंगे जो पहली बार टेस्ट मैचों में भारत की अगुवाई करेंगे। कोहली ने 99 टेस्ट में 50.39 की औसत से 7,962 रन बनाए हैं, जिसमें 27 शतक उनके नाम हैं।
सुनील
