Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कोहरे से वाहनों की रफ्तार थमी, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आई...

 कोहरे से वाहनों की रफ्तार थमी, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आई गिरावट

– मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश में दो दिनों से तापमान में गिरावट जारी है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ती जा रही है। कोहरे ने प्रदेश को पूरी तरह से ढक दिया है। घने कोहरे से सड़क दुर्घटनाओं में भी बीते दो दिनों में इजाफा हुआ है।

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। अगले दो दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा और औसत न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। इस गिरावट के साथ-साथ मौसम भी खराब होता जाता है। मौसम विभाग ने तापमान में हो रही गिरावट को देखते हुए येलो अलर्ट को अपडेट करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट के अंतर्गत मौसम के खराब होने की चेतावनी को लेकर जारी किया जाता है। साथ ही किसानों को ऐसे में फसल का खास ध्यान रखने को कहा है। किसानों से रोग एवं कीट के प्रकोप से अपने फसलों के बचाने के लिए निरंतर खेतों पर निगरानी करने की सलाह दी गई है।

विजबिलटी हुई कम, धूप के तेवर पड़े कमजोर

राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के तमाम हिस्सों में मंगलवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। विजबिलटी कम होने से लोगों का सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा था। कम विजबिलटी से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह और रात में कोहरे का ज्यादा असर देखने को मिलेगा।

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एम. दानिश ने बताया कि बादलों की वजह से धूप पर भी असर देखने को मिल सकता है। धूप के तेवर अब पहले की अपेक्षा कमजोर होंगे।अभी तक धूप का असर बना हुआ था।

प्रदेश के कई जिलों का न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक जाने की संभावना

मौसम विभाग के ताजा रिकार्ड के मुताबिक मंगलवार को लखनऊ में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहने की संभावना है। कानपुर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री, आगरा में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री, बरेली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री, गोरखपुर में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री, प्रयागराज में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री, वाराणसी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री, मेरठ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री तथा नोएडा में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है।

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular