इटावा, 13 जनवरी (हि.स.)। जनपद में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे पर डीपीएस स्कूल के पास मथुरा से बिहार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस के ट्रक से टकरा जाने के कारण दस श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सभी घायलों को मुख्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बस में करीब 70 श्रद्धालु थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि घने कोहरे के कारण सिविल लाइन इलाके में नेशनल हाइवे पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास मथुरा से बिहार जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण हादसा हो गया।
इस बस हादसे में मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के रहने वाले हार्दिक(23वर्ष) सोनभद्र निवासी राकेश (32), सोनभद्र निवासी चन्दा देवी (35), इसी परिवार के 12 साल के प्रतीम सिंह,11 साल के अंकित, 32 साल के रामनिहारे गुप्ता, 39 साल के राधेश्याम शाहू, 40 साल की कलावती, 65 साल के विजय शंकर ओर 65 साल के ही शिवपूजन घायल हुए है। ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस में मारी टक्कर लगने से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों की टीम सभी घायलों का इलाज करने में जुटी हुई है। सभी घायलों की हालात खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि बाबा जय गुरुदेव आश्रम मथुरा से बिहार जा रही थी। दुर्घटनाग्रस्त बस में एक यात्री को गम्भीर हालात के चलते सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है। इस हादसे के बाद हाईवे पर अफरा तफरी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस के अलावा यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर के सभी घायलों को उपचार के लिए मुख्यालय के डा. भीमराव राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। बस में सवार श्रद्धालु सुजानवीर सिंह ने बताया कि बस हादसे के समय बस मे करीब 70 लोग सवार थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
डा.भीमराव अंबेडकर राजकीय सयुक्त चिकित्सालय में तैनात डा.अमित शाक्य का कहना है कि बस हादसे मे आये सभी घायलों को उपचार बेहतरी से किया जा रहा है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर है एक घायल की स्थिति थोड़ी बिगड़ी हुई थी जिसको बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनीवसिर्टी भेज दिया गया है।
Submitted By: Edited By: Deepak Varun
