झांसी (हि.स.)। जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद की समस्त नगर निकायाें को पूर्ण कोरोना वैक्सीनेशन से संतृप्त किये जाने के निर्देश देते हुये कहा कि निकायों का डाक्यूमेन्टेशन गुणवत्तापरक नहीं है, नगर निगम डाक्यूमेन्टेशन में फिसड्डी, इस कारण कितनों को वैक्सीन लगायी जा चुकी कितने अवशेष है, यह डाटा अनुपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को दो दिन का समय और नगर निगम को एक सप्ताह का समय निर्धारित करते हुये डाक्यूमेन्टेशन करने के निर्देश दिये। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वोटर लिस्ट को आधार मानते हुये वार्डवार डोर-टू-डोर सर्वे किया जाये, ताकि यह सुनिश्चित हो कि कितनों को कोरोना वैक्सीन लगायी जा चुकी है और कितनों को लगाना अवशेष है, यह तथ्यात्मक डाटा उपलब्ध हो जायेगा।
नगर निगम में पुनः सर्विलांस टीम को एक्टिव करने के निर्देश देते हुये कहा कि सर्विलांस टीम का सहयोग लेते हुये वार्ड वार डाटा का डाक्यूमेन्टेशन किया जाये। निकायों में किये गये वैक्सीनेशन का सही ढंग से डाक्यूमेन्टेशन नहीं होने के कारण वैक्सीनेशन की क्या स्थिति है, उसकी सही जानकारी नहीं है। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में वार्डवार वोटर लिस्ट के अनुसार डोर-टू-डोर सर्वे करने के निर्देश देते हुये कहा कि सर्वे से वार्ड की जनसंख्या की जानकारी होगी। साथ ही 18 से 44 वर्ष के महिला व पुरुष कितने है तथा 44 वर्ष से अधिक की महिला व पुरुष कितने है सही जानकारी प्राप्त हो जायेगी।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी ईओ, एमओ व एमओआईसी के साथ बैठक करते हुये सही ढंग से डाक्यूमेन्टेशन तैयार कर लें। इस मौके पर नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, सीएमओ डा. अनिल कुमार, एडीएम संजय पांडेय, डीडीओ सुनील कुमार, एसडीएम मोंठ सान्या छाबड़ा, मऊरानीपुर अंकुर श्रीवास्तव, टहरौली राजकुमार, झांसी अतुल कुमार, गरौठा धीरेन्द्र कुमार सहित समस्त एमओआईसी, ईओ सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
